संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। शिक्षा विभाग द्वारा 59वीं छह दिवसीय जिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता का मंगलवार को आगाज हुआ। पहले दिन ही खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। बास्केटबॉल के तीनों वर्ग में इसराना खंड के अहर गांव का दबदबा रहा। खो-खो में मानना और नेटबॉल में समालखा का बोलबाला रहा। भारोत्तोलन में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, विशिष्ट अतिथि करण पूनिया और रविंद्र आंतिल ने शिवाजी स्टेडियम में दीप प्रज्वलित कर तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जयपाल सरोहा ने की। खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी और खेल भावना के साथ खेलने की शपथ ली। जिला
शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क की भावना का संचार करते हैं। हार और जीत खेल के दो पहलू हैं, लेकिन मैदान में पूरी निष्ठा के साथ उतरना और खेल भावना को बनाए रखना ही सबसे बड़ी जीत है। सरकारी स्कूल खेल प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहे हैं। इस मौके पर सचिव प्रदीप कादियान, प्रोफेसर राजेश टूर्ण, राजेंद्र, शितेंद्र मलिक, राकेश कादियान, बलराज कादियान व संदीप मौजूद रहे।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
बास्केटबॉल : लड़कों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों वर्गों में अहर (खंड इसराना) का पूरी तरह से दबदबा रहा और प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पानीपत खंड दूसरे स्थान पर रहा।
खो-खो : लड़कों के तीनों आयु वर्गों (अंडर-14, 17 व 19) में मानना खंड समालखा ने बाजी मारी, जबकि बापौली खंड उपविजेता रहा।
नेटबॉल : लड़कों के तीनों वर्गों में समालखा प्रथम और पानीपत द्वितीय रहा। वहीं लड़कियों के वर्ग में पानीपत खंड ने पहला और मतलौडा ने दूसरा स्थान पाया।
भारोत्तोलन (अंडर-17) : 60 किग्रा में ग्रीन वैली स्कूल के सुमित, 65 किग्रा में चिराग (आर्य स्कूल), 71 किग्रा में नमन (एससीआर स्कूल), 79 किग्रा में जतिन (आरके स्कूल) और 88 किग्रा में तुषार (राजकीय विद्यालय उरलाना) प्रथम रहे।
भारोत्तोलन (अंडर-19) : 65 किग्रा में विश्वजीत, 71 किग्रा में अभिषेक, 79 किग्रा में अक्षय, 88 किग्रा में हरीश और 98 किग्रा भारवर्ग में अक्षित ने बाजी मारी।
जिला स्तरीय वॉलीवाल प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। संवाद