समालखा। गांव पट्टी कल्याणा के पास दिल्ली निवासी व्यापारी और उसके ड्राइवर से बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर 25 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने इस वारदात को मंगलवार की रात समालखा में अंजाम दिया। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर केस दर्ज कर एसआई और ईआरवी पर तैनात ड्राइवर को निलंबित कर दिया गया है।
दिल्ली के प्रशांत विहार रोहिणी निवासी व्यापारी सुरेंद्र वाधवा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार की रात साढ़े 12 बजे वे चंडीगढ़ से दिल्ली जा रहे थे। रास्ते में गांव पट्टीकल्याणा के पास ड्राइवर मुकेश कुमार लघुशंका के लिए रुका। इसी दौरान पानीपत की ओर से एक मोटरसाइकिल पर आए तीन युवकों ने मुकेश से मारपीट शुरू कर दी और पिस्तौल दिखाकर उससे करीब हजार रुपये छीन लिए। जब वह उसे बचाने के लिए गया तो बदमाशों ने उससे भी मारपीट की और 25 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
सब इंस्पेक्टर पर नशे की हालत में मारपीट करने का आरोप लगाया
व्यापारी सुरेंद्र वाधवा ने बताया कि बदमाशों के भागने के बाद वे कुछ दूर पर खड़ी पुलिस की इआरवी पर गए और पूरी घटना बताई। उनकी मदद करने की बजाए एसआई गाड़ी से उतरकर आए और उनसे कहा कि सुनसान जगह पर गाड़ी क्यों रोकी। व्यापारी का आरोप है कि एसआई नशे की हालत में था। उसने उसके ड्राइवर के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।