पानीपत। वार्ड 26 के पॉश इलाकों में से एक गीता कॉलोनी की समस्याओं के विरोध में मंगलवार को लोगों ने धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताते हुए नेताओं को खुली चेतावनी दी कि वे यहां वोट मांगने बिल्कुल न आएं। वरना उन्हें लोगों का आक्रोश झेलना पड़ेगा। गीता कॉलोनी चौक पर धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि जो नेता यहां आकर ईमानदारी से काम कराएगा, वोट उसी को मिलेगा।
गीता कॉलोनी के हालात खस्ता हैं। कॉलोनी में कूड़े के ढेर लगे हैं। सीवरेज सिस्टम जाम है। सीवर का पानी घरों में वापस आ जा रहा है। भयंकर बदबू के माहौल में लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। तकरीबन सभी सड़कें टूटी पड़ी हैं। पेयजल संकट बना है और स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। कॉलोनी में मुख्य नाले पर लोगों ने कब्जा कर रखा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विशेष तौर पर वे किसी भी भाजपा नेता को कॉलोनी में आने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि अब चुनाव आने वाले हैं। अब भी शहर के नेता उनकी सुनवाई करने को तैयार नहीं हैं। यहां जो नेता आकर काम करवाएगा, वोट केवल उसी को मिलेगा। लोगों ने कहा कि कॉलोनी का चार लाख रुपये गज का रेट है, लेकिन यहां के हालात काफी दयनीय हैं। उन्होंने अपनी सभी समस्याएं नेताओं और अफसरों के सामने रखी, लेकिन केवल झूठे आश्वासन दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि अब भी हमारी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे चंदा लेकर अपनी कॉलोनी का जीर्णोद्धार करेंगे।
लोगों ने कहा कि हालात इनते बदतर हैं कि वे अपने घरों और दुकानों से बाहर तक नहीं निकल सकते। घर-दुकान से निकलते ही टूटी गलियां, इनमें भरा गंदा पानी, बंद सीवर, बदबू, कूड़े के ढेर स्वागत करते हैं। दुकानदारी बिल्कुल ठप हो चुकी है। उन्होंने वार्ड पार्षद पर भी जमकर गुस्सा निकाला। कहा कि पार्षद ने कॉलोनी में कोई खास काम नहीं कराया।