बापौली। धनसौली गांव की दी धनसौली प्राथमिक कृषि सहकारी समिति में 15.70 लाख का गबन सामने आया है। इसका खुलासा ऑडिट रिपोर्ट में हुआ है। सहकारी समितियां करनाल के लेखा परिषद अधिकारी बलविंदर सिंह ने मुख्यालय लेखा परीक्षक सरकारी समिति हरियाणा पंचकूला से कार्रवाई की सिफारिश की है, जिसकी प्रति संयुक्त रजिस्टर सहकारी समितियां हरियाणा पंचकूला, उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां करनाल, सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समिति पानीपत, लेखा परीक्षक सहकारी समितियां बापौली, महाप्रबंधक दी पानीपत केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड पानीपत को भी भेजी है।
पत्र में लेखा परीक्षक सहकारी समिति बापौली ममता सुखीजा ने बताया कि दी धनसौली प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के प्रबंधक सुंदर सिंह द्वारा 18 दिसंबर 2019 से लेकर 31 मार्च 2021 तक करीब 15.70 लाख रुपये का नगद बकाया व खाद आदि का गबन कर समिति को वित्तीय हानि पहुंचाई गई है। इसलिए उक्त कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के साथ उचित ब्याज दर से घोटाला राशि वसूल की जाएगी। लेखा परीक्षक सुखीजा ने कहा कि गहराई से जांच कर रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को आगामी कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। अधिकारी इसमें आगामी कार्रवाई करेंगे।