पानीपत। पानीपत ग्रामीण विधानसभा से विधायक महिपाल ढांडा ने शुक्रवार को दोपहर बाद पानीपत व बाबरपुर अनाज मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां धान की नमी देखने के साथ किसानों व आढ़तियों से बात कर उनकी समस्याओं को जाना। विधायक ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मंडी में रहने के आदेश दिए। विधायक ने साफ कहा कि अगर किसान को किसी तरह की दुख तकलीफ होती है तो उसका मौके पर ही निस्तारण किया जाएं। इसमें शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने उठान कार्य में तेजी लाने के निर्दश दिए।
विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर हल कर रही है। उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाया जा रहा है। सभी मंडियों में मूलभूत सुविधाएं किसानों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं। साफ-सफाई से लेकर शौचालय, पानी और बिजली के विशेष प्रबंध किए गए हैं। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि मंडी में उपज लेकर पहुंच रहे किसानों को समय पर पेमेंट का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लिफ्टिंग में किसी भी प्रकार की देरी न करें। किसान की फसल का सही प्रकार से माप तोल करें व उनकी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखें। उन्होंने किसानों से भी बात की व उनकी उपज का सही मूल्य दिलवाने के भी खरीद करने वाली एजेंसी को निर्देश दिए। इस मौके पर एडीसी डॉ. पंकज, एसडीएम ब्रह्मप्रकाश, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, डीएफएससी नीतू, नायब तहसीलदार सौरभ शर्मा, मार्केट कमेटी सचिव आशा मौजूद रही।