पानीपत। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. रणदीप पुनिया बुधवार दोपहर के बाद अचानक जिला नागरिक अस्पताल में पहुंच गए। उनके पहुंचने की सूचना पर अस्पताल के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उनके आने की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन, डिप्टी सिविल सर्जन, एमएस व डिप्टी एमएस बिल्डिंग के गेट पर पहुंचे। डीजी डॉ. रणदीप पुनिया ने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मरीजों व डॉक्टरों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने मदर एंड चाइल्ड केयर विंग की रिपोर्ट ली।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि बिल्डिंग का काम देरी से चल रहा है। डीजी ने बीएंडआर के एक्सईएन को कॉल कर जल्द इसको तैयार करने को कहा। उन्होंने जुलाई तक इसका काम पूरा करने का आश्वासन दिया है। डीजी डॉ. रणदीप पुनिया ने मरीजों से इमरजेंसी में मिल रहे इलाज के बारे में बातचीत की। इमरजेंसी में एक मरीज दिल्ली का मिला जो जीबी पंत अस्पताल से यहां दाखिल हुआ था। मरीज ने यहां इलाज पर संतुष्टि जताई। अस्पताल में दवाओं की स्थिति जांची गई। इमरजेंसी वार्ड में एक्स रे शुरू करने के निर्देश दिए गए। डीजी डॉ. रणदीप पुनिया ने अस्पताल के एमएस को निर्देश दिए हैं कि अस्पताल में दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ाया जाए। सिविल सर्जन ने जिले भर में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे कार्याें की रिपोर्ट उनके समक्ष पेश की। इसके अलावा अस्पताल से कम हुए रेफरल की भी जानकारी डीजी को दी गई।