समालखा। ज्येष्ठ निर्जला एकादशी पर चुलकाना धाम पर बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदेश के कोने-कोने से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए आए। घंटों लाइन में लगकर बाबा के दर्शन किए और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर समिति के प्रधान सुंदर छौक्कर ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार निर्जला एकादशी पर श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा रही। दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु अल सुबह ही मंदिर में बाबा के दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे। बाबा पर चढ़ाने के लिए श्याम ध्वज व प्रसाद लेकर घंटों लाइन में लगकर बाबा के दर्शन किए। मंदिर में श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए लाइन की व्यवस्था की गई है। लाइन में पानी, बिस्किट की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं के लिए लाइन में लगने के लिए जो पाइप प्रयोग किए गए हैं उन पर ही पंखे लगाए गए हैं। साथ ही कूलर की भी व्यवस्था की गई है ताकि गर्मी के मौसम में श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन में कोई परेशानी न हो। अहर निवासी संतोष देवी व इसराना निवासी प्रियंका कुमारी ने बताया वे सुबह 10 बजे चुलकाना धाम में बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंच गए थे लेकिन भीड़ होने के कारण उन्हें दो घंटे लाइन में लगना पड़ा। फिर 12 बजे के करीब बाबा के दर्शन किए। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए लाइन, कूलर, पानी की उचित व्यवस्था की गई हैं। जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई।