पानीपत। शहर के इंद्रा बाजार में एक डिपोधारक में 167 क्विंंटल गेहूं समेत चीनी, बाजरा और सरसों तेल की गड़बड़ी मिली है। सीएम फ्लाइंग की टीम ने दबिश देकर इसका भंडाफोड़ कर दिया। डिपोधारक अब फरार है। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर में राशन था, लेकिन डिपो में एक भी दाना नहीं मिला। खाद्य आपूर्ति निरीक्षक नितेश शर्मा की शिकायत पर पुनीत डिपो होल्डर के खिलाफ थाना शहर में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करा दिया है।
मुख्यमंत्री उडनदस्ता करनाल के निरीक्षक बलीराम के नेतृत्व में टीम शुक्रवार को वार्ड-9 में पुनीत के डिपो पर दबिश दी। उनके साथ उप निरीक्षक राज सिंह, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग पानीपत से निरीक्षक नितेश शर्मा, उप निरीक्षक रणबीर सिंह और गुप्तचर इकाई के सदस्य भी थे। डिपो होल्डर को मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। टीम ने पार्षद पति अशोक नारंग और डिपो कार्यालय के मकान मालिक सचिन की उपस्थिति में राशन और स्टॉक का मिलान किया। स्टाॅक रजिस्टर में डिपो पर 16844.930 किलोग्राम गेहूं था, लेकिन मौके पर कुछ नहीं था। सरसों तेल 748 लीटर, बाजरा 500 ग्राम था लेकिन मौके पर तेल और बाजरा भी नहीं था। चीनी 662 किलोग्राम स्टॉक रजिस्टर में थी। मौके पर 20 किलोग्राम मिली। इनके अलावा डिपो पर साइन बोर्ड बाहर की बजाय अंदर लगाया गया। स्टाॅक बोर्ड तक नहीं मिला। डिपो पर लाइसेंस नंबर और टोल फ्री नंबर तक नहीं लिखा मिला। इसके अलावा निगरानी कमेटी की सूची तक नहीं लगी मिली।