पानीपत। जिला शिक्षा अधिकारी ( डीईओ ) राकेश बूरा ने शनिवार को तीन सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की हाजिरी की भी जांच की। दो स्कूलों में बच्चों की हाजिरी अपेक्षाकृत कम मिली। डीईओ ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए अध्यापकों को निर्देश दिए। डीईओ ने अध्यापकों को एनएमएसएस के पेपर की तैयारी के दिशा-निर्देश दिए और सभी को स्कूलों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए शपथ दिलाई गई।
डीईओ राकेश बूरा ने बताया कि राजकीय उच्च विद्यालय रिसालू, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पसीना खुर्द, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल गोयला खुर्द में औचक निरीक्षण किया। स्कूलों में बच्चों का शैक्षणिक स्तर जांचा गया और बच्चों को दैनिक डायरी, सुपर-100, बुनियाद और एनएमएसएस के पेपर की तैयारी के लिए सभी अध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीनों स्कूलों के ही सभी बच्चे साफ-सुथरी स्कूली वर्दी में मिले। वहीं हाजिरी अपेक्षाकृत कम मिली। स्कूल प्रमुख शिक्षकों को चेतावनी व आदेश दिए गए कि वे बच्चों को स्वच्छता का महत्व बताए और बच्चों को स्वच्छ रहने के लिए जागरूक करें। सभी स्कूलों में अध्यापकों व विद्यार्थियों को स्वच्छता शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य कृष्ण दत्त, रिसालू से मुख्य शिक्षक राजेश, सोमपाल, गौरीशंकर, मुख्य शिक्षक शमशेर व रमेश रावल उपस्थित रहे।