पानीपत। डेंगू के संदिग्ध डिकाडला निवासी एक किसान की मौत हो गई है। किसान पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित था और उसका एक निजी अस्पताल में जांच के बाद डेंगू की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग अधिकारी डेंगू के किसी भी मामले से नकार रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात को गांव डिकाडला के जगबीर (45) की संदिग्ध डेंगू के कारण मौत हो गई। जगबीर की मौत के बाद गांव में डेंगू का भय बन गया है। जगबीर के बड़े भाई तेलूराम ने बताया कि जगबीर पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। उसका इलाज गांव में ही एक क्लीनिक पर चल रहा था। रविवार देर रात जगबीर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन जगबीर को बस स्टैंड के पास स्थित एक अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने जंगबीर की मौत का कारण डेंगू बताया है। समालखा थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को शवगृह में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
स्वास्थ्य विभाग डेंगू व मलेरिया को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। जिलेभर में फोगिंग चल रही है। अस्पताल में भी डेंगू को देखते हुए अलग वार्ड बनाया गया है। अब तक जिले से कोई डेंगू का मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू पर कंट्रोल पाने में कामयाब रहा है। डिकाडला के जगबीर की किन्हीं और कारणों के चलते मौत हुई होगी।
डॉ. इंद्रजीत सिंह धनखड़, सीएमओ, पानीपत