संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन की जिला कमेटी ने शुक्रवार को समालखा में आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या पर गहरा रोष व्यक्त किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। खेत मजदूर यूनियन ने उनकी पत्नी आईएएस अधिकारी अवनीत पी कुमार और अन्य परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन राज्य संयुक्त सचिव राजेंद्र ने कहा कि आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि यह संस्थागत हत्या है। उन्होंने सुसाइड नोट में कई आईपीएस और आईएएस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिन्होंने उनका उत्पीड़न किया। वे बार-बार आरोपी अधिकारियों की शिकायत करते रहे लेकिन राज्य सरकार द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। यह बहुत शर्मनाक है कि सरकारी तंत्र में बड़े पद पर बैठे इस पुलिस अधिकारी को इस हद तक जातिगत भेदभाव, अपमान और उत्पीड़न झेलना पड़ा कि उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। एडीजीपी वाई पूरण कुमार की इस दर्दनाक मौत ने हर संवेदनशील नागरिक को झकझोर कर रख दिया है। अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन मांग करती है कि एडीजीपी वाई पूरण कुमार के मामले की समयबद्ध निष्पक्ष जांच करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। वाई पूरण कुमार के परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। समाज में जाति और धर्म के नाम पर सत्ता के संरक्षण में बढ़ रही नफरत पर रोक लगाई जाए।