बिजली निगम के एसई बीएस गर्ग ने चैंबर ऑफ टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के सदस्यों की बुधवार देर शाम को कुटानी रोड स्थित राजेश चुघ की फैक्ट्री में आयोजित बैठक में बिजली संबंधी समस्याएं सुनीं और सभी व्यापारियों को आश्वासन दिया कि निगम का कोई भी कर्मचारी या अधिकारी व्यापारियों को बेवजह परेशान नहीं करेगा।
एसई गर्ग ने सीटीएमए के प्रधान राजेश चुघ और अन्य सदस्यों को विश्वास दिलाया कि यदि निगम का कोई भी कर्मचारी व्यापारियों से किसी भी प्रकार की रिश्वत की मांग करता है तो वे तुरंत उनके मोबाइल पर सूचना दें। रिश्वत मांगने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
गर्ग ने कहा कि उन्हें व्यापारियों की समस्या का पता है और वे उनका समाधान करने का पूरा प्रयास करेंगे।
बैठक में जहां एसई ने व्यापारियों से केवीएच के हिसाब से बिजली के बिल भरने पर जोर दिया। वहीं सीटीएमए के सदस्यों ने बिजली के बिल केडब्ल्यूएच के हिसाब से ही एसई से भरवाने की मांग की।
वहीं सीटीएमए के प्रधान राजेश चुघ ने एसई से मांग करते हुए कहा कि सभी फैक्ट्री मालिकों को एक माह और समय केडब्ल्यूएच के हिसाब से ही बिजली के बिल भरने का दिया जाए। क्योंकि जो अब बिल केवीएच के हिसाब से आए हैं, वे बहुत ज्यादा हैं और उन्हें व्यापारी भरने में असमर्थ हैं।
इस मौके पर व्यापारियों ने कहा कि मंदी के दौर में में पानीपत की आधे से भी ज्यादा फैक्ट्रियां बंद होने की कगार पर हैं और बिजली निगम अपना घाटा पूरा करने के लिए हर रोज नए-नए फरमान जारी कर रहा है।
इस मौके पर सीटीएमए प्रधान राजेश चुघ ने सभी व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनका बिजली का बिल केडब्ल्यूएच से ही कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में सीटीएमए से संबंधित सभी 10 एसोसिएशन के प्रधान अनिल बरेजा, आरबी गुप्ता, वीरेंद्र रावल, लक्ष्मी डूडेजा, अनिल खुराना, अजित मुलतानी, हेमराज, सुरेंद्र मलिक, रमेश लखीना सहित अन्य पदाधिकारी और बिजली निगम के एक्सईएन, एसडीओ, सीए और मंडल प्रधान सुरेश सरदाना, शैली, चिमन सेठी और गुलशन अरोड़ा मौजूद थे।