समालखा। दिल्ली पुलिस की एक टीम ने शनिवार रात को समालखा के चुलकाना रोड स्थित एक स्क्रैप गोदाम में दबिश दी, जहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली पुलिस इन्हें अपने साथ ले गई है। वहीं समालखा पुलिस को इस कार्रवाई की भनक तक नहीं लगी। मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की टीम कथित तौर पर चोरी की क्रेटा कार की तलाश में समालखा पहुंची थी। चुलकाना रोड पर स्थित एक स्क्रैप गोदाम पर आधी रात को दबिश देकर क्रेटा कार सहित तीन लोगों को अपने साथ उठाकर ले गई। रविवार सुबह सुकरदीन नामक युवक ने पुलिस को फोन पर तीन लोगों के अपहरण होने की सूचना दी तो स्थानीय पुलिस में हड़कंप मंच गया। मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि उसके भाई नसरूद्वीन और दर्शन सिंह निवासी नरवाना ने चुुलकाना रोड पर गांंधी आदर्श कॉलेज के सामने करीब 4-5 साल से स्क्रैप का गोदाम किया हुआ है। शनिवार रात को उक्त दोनों के साथ ही गांव महावटी का प्रदीप भी ठहरा हुआ था। तीनों गोदाम पर सो रहे थे। पुलिस ने गोदाम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उक्त वारदात का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में पाया कि रात करीब सवा एक बजे दो गाड़ियों में हथियारों से लैस आधा दर्जन लोग आए थे। उन्होंने आते ही उन्हें गालियां देनी शुरू कर दी और हथियारों के बल पर उन्हें जबरन उठा ले गए। घटना की सूचना मिलने पर समालखा के एएसपी मंयक मिश्रा व थाना प्रभारी महिपाल भी मौके का मुआयना करने पहुंचे। दोपहर तक समालखा पुलिस इसे अपहरण का मामला मान रही थी। इस संदर्भ में जब एएसपी मंयक मिश्रा से घटना के बारे पूछा तो उन्होंने कोई भी जानकारी होने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।