जिले में कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है, शनिवार को एक साथ चार पॉजिटिव केस आने से हड़कंप मच गया है। पहले 34 दिन में जिले में कोरोना के पांच केस पॉजिटिव मिले थे। अब इन दो दिनों में कोरोना के सात नए पॉजिटिव केस आ गए हैं। जबकि एक और पॉजिटिव केस है, जो पानीपत का रहने वाला है, लेकिन सोनीपत सिविल अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है और वहीं पॉजिटिव आया है।
अपनी बहन से मिलने आए सोनीपत के गन्नौर निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही की पुलिस लाइन निवासी एएसआई बहन भी कोरोना की पॉजिटिव मिली है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस के सिपाही के माता-पिता और भाई भी पॉजिटिव आ गया है। उसके संपर्क में आने वाले चारों नजदीकी लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। माता-पिता और एक अन्य भाई भी पुलिस लाइन में एसएसआई के पास आए थे। इन सभी को सिविल अस्पताल से खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। गौरतलब है कि वीरवार को एएसआई के पास पुलिस लाइन में उनका भाई आया था और उसने बहन को समालखा पुलिस थाना में छोड़ा था। वीरवार को भाई ने सिविल अस्पताल में अपनी कोरोना की जांच कराई थी। शुक्रवार को सैंपल रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिला। इसके बाद उसकी बहन, मां, पिता और भाई को आइसोलेशन वार्ड में लाकर उसके सैंपल भेजे गए थे। वो भी पॉजिटिव मिले हैं। वहीं दूसरी ओर शनिवार को कुल 41 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट रविवार को आएगी।
- एएसआई के मामले की जांच अधिकारी होने के नाते फरियादी की भी हुई जांच
समालखा थाना की एएसआई लड़ाई झगड़े के मामले की जांच अधिकारी है। वो शिकायतकर्ताओं के भी संपर्क में थी। जैसे ही स्वास्थ्य विभाग को ये बात पता चली तो उन्होंने फरियादियों को ट्रेस किया और सिविल अस्पताल लाकर उनकी जांच की।
- मदरसे बेटे को लाने वाली महिला की तीन अन्य बच्चे, पति और ससुर नेगेटिव
शहर के लिए राहत भरी खबर ये है कि धूप सिंह नगर में जो महिला व उसका 14 साल का बेटा कोरोना पॉजिटिव मिला था। उसके दूसरे तीन बच्चे, पति व ससुर की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। सास की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है।
- समालखा थाने के सभी पुलिस कर्मी क्वारंटीन, एनडीपीएस स्टाफ ने संभाला काम
समालखा की एएसआई के पॉजिटिव मिलने के बाद पुलिस लाइन में 50 पुलिस कर्मचारियों को क्वारंटीन कर दिया है। इनके सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके साथ ही थाने के कामकाज को सुचारू रखने के लिए एनडीपीएस स्टाफ को लगाया गया है। इंस्पेक्टर महेंद्र को फिलहाल चार्ज दिया गया है।
- धूप सिंह नगर में दूसरे प्रदेश से लौटे चार लोगों के लिए सैंपल-
धूप सिंह नगर में हुई 5463 लोगों की जांच धूप सिंह नगर निवासी मां बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के 50 कर्मचारियों ने धूप सिंह नगर को सील कर 5463 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। लोगों की स्क्रीनिंग के दौरान 4 लोग ऐसे मिले जो दूसरे राज्यों से लौटे थे। 6 लोगों को बुखार और 10 लोगों का गला खराब मिला। सभी को दवाइयां दी गई दूसरे राज्यों से लौटे चार लोगों को सिविल अस्पताल में सैंपलिंग के लिए भेजा, जहां उनके सैंपल लिए गए।
कोरोना पॉजिटिव खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
स्वास्थ्य विभाग ने नई गाइडलाइन के अनुसार कोरोना के पॉजिटिव मिले सिपाही , उसकी बहन एएसआई और धूप सिंह नगर निवासी महिला और उसके बेटे को इलाज के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। अब दोनों का वहीं पर इलाज होगा। विभाग की नई गाइडलाइंस आई है कि जो भी कोरोना का पॉजिटिव केस मिलेगा, उसका इलाज खानपुर मेडिकल कॉलेज में होगा।
- 250 लोगों ने बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकल स्टोर से ली दवा
स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि जो भी व्यक्ति बिना डॉक्टरों के परामर्श के मेडिकल स्टोर से खासी जुकाम व बुखार की दवा लेगा। मेडिकल स्टोर संचालकों को उसका पूरा पता व फोन नंबर नोट करना होगा। निर्देश आने के 3 दिन के अंदर शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोर से 250 लोगों ने खासी बुखार व जुकाम की दवा ली है। मेडिकल स्टोर संचालकों ने यह रिकॉर्ड स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने इन लोगों के पते पर जाकर इनकी जांच की है। इसके अलावा विभाग ने लोगों को निर्देश दिए हैं कि वह डॉक्टर के परामर्श के बाद ही मेडिकल स्टोर से दवा ले।
- कोविड-19 रैपिड रिस्पांस टीम ने किया दत्ता कालोनी का दौरा
असंध रोड पर स्थित दत्ता कालोनी जिसमें कुल 372 मकानहै और करीब 2100 की आबादी है। कालोनी के ही एक युवक के कारण ये सभी लोग परेशानी मेंआ गए। अब डॉक्टरों ने सख्त हिदायत दी कि 14 दिन तक इस कालोनी में न तो कोई बाहर आदमी आ सकता और ना ही यहां से बाहर जा सकता है। इतना ही नहीं अगर कोई सरकारी वाहन भी कालोनी में आएगा उसे नाके पर ही सैनिटाइज किया जाएगा। उसके बाद ही वह अंदर जा सकता है। टीम ने क्वारंटीन किए गए 62 लोगों की जांच की है।
- 15 छात्र एनएफएल गेस्ट हाउस और 15 एनसी कॉलेज में किए क्वारंटीन
राजस्थान के कोटा में कोचिंग ले रहे दो अभिभावक समेत 30 लोगों प्रदेश सरकार के सहयोग से हरियाणा रोड़वेज की बस में सवार हो कर शनिवार सुबह छह बजे इसराना के एनसी मेडीकल कालेज अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में पहुंचे। सफर में थके छात्रों व उनके साथ आए अभिभावक को कालेज अस्पताल पहुंचने पर नाश्ता दिया गया बाद में उनके भेजन की व्यवस्था भी की गई। नोडल अधिकारी डा रिंकू सांगवान के अनुसार कोटा से पहुंचे तीस लोगों में भाई बहन के साथ उसके माता पिता भी है। सभी को चेकअप भी किया गया है। इनके सैंपल लेकर जांच के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिए हैं। इनमें से 15 लड़कियों को एनएफएल के गेस्ट हाउस में शिफ्ट किया गया है। 15 छात्र एनसी मेडिकल अस्पताल में रखे गए है।
दिल्ली पुलिस के सभी चार नजदीकियों की रिपोर्ट पॉजिटिव: डीसी
दिल्ली पुलिस के सिपाही के चारों नजदीकियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसमें समालखा थाने में तैनात उसकी एएसआई बहन भी शामिल है। इन सभी को खानपुर रैफर कर दिया गया है। - हेमा शर्मा, उपायुक्त, पानीपत