पानीपत। ठंड बढ़ने और सुबह के समय कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। यही कारण है कि ट्रेनें अपने निर्धारित समय से न चलकर रेलवे स्टेशनों पर देरी से पहुंच रही हैं, और इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। रविवार को भी दिल्ली-पानीपत एमईएमयू समेत 14 ट्रेनें देरी से आईं। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्री स्टेशन पर परेशान होते नजर आए।
यात्री नेहा और अनिल ने बताया कि उन्हें स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते हुए काफी समय हो गया है। उनकी ट्रेन स्टेशन पर सवा दो घंटे की देरी से आ रही है। इतनी देरी में हम अपने गंतव्य का आधे से ज्यादा सफर तय कर लेते। ट्रेनों को अपने निर्धारित समय पर आना चाहिए ताकि यात्री सर्दी के मौसम में समय से अपने गंतव्य पर पहुंच सकें।
ये ट्रेनें आई देरी से
दिल्ली पानीपत एमईएमयू साढ़े तीन घंटे, सचखंड एक्सप्रेस पौने तीन घंटे और हीराकुंड एक्सप्रेस सवा दो घंटे की देरी से आई। मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस आधा घंटा, जम्मू तवी एक्सप्रेस आधा घंटे और झेलम एक्सप्रेस 34 मिनट की देरी से आई। नेताजी एक्सप्रेस चार घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस दो घंटे और ऊंचाहार एक्सप्रेस पौने तीन घंटे की देरी से आई। फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस 1.20 घंटे, चंडीगढ़ स्पेशल सवा चार घंटे और कुरुक्षेत्र-दिल्ली एमईएमयू ढाई घंटे की देरी से आई। टाटानगर एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, दौलतपुर चौक जन शताब्दी एक्सप्रेस 42 मिनट और पश्चिम सुपरफास्ट एक्सप्रेस आधे घंटे की देरी से आई।
स्टेशन पर कुछ ट्रेनें देरी से आईं, जिससे यात्रियों को थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ा। सर्दी बढ़ने के कारण ट्रेनें प्रभावित होने लगी हैं। स्टेशन पर यात्रियों के लिए हर सुविधा है ताकि किसी भी यात्री को कोई परेशानी न हो।
-रमेश चंद्र, अधीक्षक रेलवे स्टेशन।