पानीपत बिंझौल नहर के पास पुल से एक 21 वर्षीय युवक ने दोस्तों के सामने ही नहर में छलांग लगा दी, लेकिन तैरना न आने की वजह वह नहर में डूब गया। युवक ने हाथ ऊपर उठाकर बचाने का इशारा किया तो एक दोस्त बचाने के लिए नहर में कूदा, लेकिन तब तक देरी हो चुकी थी और युवक बहकर दूर जा चुका था। युवक डूबने की सूचना मिलते ही आठ मरला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोर टीम के साथ नहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
मूलरूप से यूपी के जिला कन्नौज के गांव ताज मोहम्मदपुर निवासी सत्यम(21) पुत्र शिवकुमार पिछले कई माह से पानीपत के गांव डाहर में क्वार्टर रूम में रहता था। वह डाहर स्थित एमके अनिल फैक्टरी में काम करता था। वीरवार रात सत्यम नाइट ड्यूटी में था। वह सात से सात बजे तक ड्यूटी करता था, लेकिन वीरवार को लाइट खराब होने की वजह से रात दो बजे ही काम बंद हो गया। इसके बाद वह अपने कमरे पर जाकर सो गया। सुबह करीब नौ बजे सत्यम अपने दोस्त विवेक, दीपक, विजय, विनीत कुमार, रघुबीर, विनीत और अन्य तीन दोस्तों के साथ बिंझौल नहर पर नहाने के लिए पहुंचा।
दोस्तों ने बताया कि सत्यम ने पुल पर खड़ा होकर पहले फोटो खिंचवाई थी। उन्होंने उसे पुल से नीचे उतरने की बात कही, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद वह कुछ दूरी पर आगे नहाने के लिए चले गए। सत्यम और एक अन्य दोस्त पुल पर ही थे। सत्यम ने एक दम पुल से छलांग लगा दी, लेकिन तैरना न आने की वजह वह डूब गया। दोस्तों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। आठ मरला चौकी प्रभारी हेमराज राणा ने बताया कि उनकी टीम तलाश में जुटी हुई, देर रात तक सत्यम का कोई सुराग नहीं लग पाया।