काबड़ी रोड स्थित एक धर्म कांटे पर दो बदमाशों ने घुसकर एक युवक पर रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस बीच भीड़ इकट्ठा होती देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केेस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
अग्रसेन कॉलोनी निवासी प्रवीन गोयल ने बताया कि वह 25 अगस्त की सुबह 8 बजे काबड़ी रोड स्थित अग्रवाल फर्शी धर्मकांटा पर बैठा था। इसी बीच दो युवक हाथ में रॉड लेकर ऑफिस में घुसे और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। एक ने पकड़ा और दूसरे आरोपी ने सिर पर रॉड से हमला कर दिया। बचाव के लिए आवाज लगाई तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। यह पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। स्थानीय लोगों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित ने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को शिकायत दी तो उसने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।