पानीपत/थर्मल। आसन कलां गांव स्थित एक फैक्ट्री के लेबर क्वार्टर में प्रवासी युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवक के पिता व दोनों भाई फैक्ट्री में नाइट ड्यूटी पर गए थे। पीछे से उसने यह कदम उठाया। अब तक युवक के आत्महत्या के कदम के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के गांव हमजापुर निवासी रामरूप ने बताया कि वह सितंबर 2024 में अपने तीन बेटों व भतीजे के साथ पानीपत में काम करने आया था। उनको आसन कलां स्थित राधे राधे फैक्ट्री में काम मिल गया। उसका छोटा बेटा संतोष कुमार बर्मा (19) भी उनके साथ फैक्ट्री में ही काम करता था और लेबर क्वार्टर में रहता था। उनकी फिलहाल नाइट ड्यूटी चल रही थी। बुधवार रात को वह अपने दो बेटों व भतीजे के साथ नाइट ड्यूटी फैक्ट्री में चला गया था। रामरूप रात को बिना बताए बाहर चला गया था। वह ड्यूटी पर नहीं आया। रात को 11 बजे संतोष फैक्ट्री के गेट पर आया और उससे कमरे की चाबी ली और चला गया। जब वह सुबह छह बजे कमरे पर पहुंचे तो संतोष का शव पंखे पर रस्सी के साथ फंदे पर लटका मिला। उसने इसकी सूचना अपने साथी श्रमिकों को दी और पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने उनसे पूछताछ के बाद शव को उतारकर जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया।