पानीपत। जिले में सभी विभागों के तहत चल रहे डिस्ट्रिक्ट प्लान यानी डी-प्लान के विकास कार्यों की सोमवार को उपायुक्त सुशील सारवान ने समीक्षा की। इस दौरान जिला उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि डी-प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों में पूरी तरह से पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से नियमानुसार विकास कार्यों में तेजी होनी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष जिले में डी-प्लान के तहत विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 14.21 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। जिनमें 835.74 लाख रुपये सामान्य वर्ग और 585.31 लाख रुपये की राशि अनुसूचित जाति वर्ग के विकास कार्यो के लिए जारी की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार के दिशानिर्देशानुसार प्राप्त राशि जिले में गलियों, नालों के निर्माण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, सामुदायिक केंद्र, जल आपूर्ति, सिंचाई, खेल, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण सहित स्थानीय लोगों की आवश्यकता वाले प्राथमिकता के कार्यों पर खर्च की जाएगी।
उपायुक्त ने बैठक में आए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि डी-प्लान के तहत जिस कार्य के लिए पैसा दिया जाएगा, खर्च करने से पहले उस कार्य की विस्तार से जानकारी लें कि जो पैसा कार्य के लिए अलॉट किया गया है क्या उसमें कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य पैसे की कमी में अधूरा नही रहना चाहिए। इसके साथ-साथ उस कार्य की ई-ट्रैकिंग भी की जाए और उसकी फोटो भी लगाई जाए।