समालखा। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया सोमवार को अनाज मंडियों में खरीद और उठान को स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने समालखा अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। अनाज मंडी में आवारा पशुओं के मिलने पर मार्किट कमेटी सचिव सविता जैन को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि क्यों न आपको चार्ज शीट कर दिया जाए। डीसी मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद का जायजा लिया और लिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात तक उठान 60 प्रतिशत तक होना चाहिए। जिससे मंडी में जाम की स्थिति नहीं बने। डीसी ने बताया कि समालखा मंडी में अब तक जिला पानीपत में 53 प्रतिशत लिफ्टिंग हो चुकी है।
डीसी ने खरीद एजेंसी एफसीआई अधिकारियों को मुरथल की बजाय क्षेत्रीय गोदामों में लिफ्टिंग करने के आदेश दिए। उसके बाद मुरथल भेजने का प्रयास किया जाए। उन्होंने खरीद एजेंसियों से लोकल अनलोडिंग प्वाइंट पर क्षमता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मार्केट कमेटी को अवैध रास्तों को तुरंत बंद करवाने को कहा, जिससे बेसहारा पशु अंदर नहीं आए। फसल को किसी तरह का नुकसान नहीं हो। उन्होंने आढ़तियों से किसानों की ट्रैक्टर ट्राली से गेहूं उठाने में सहयोग करने को कहा। इस अवसर पर डीएफएससी आदित्य कौशिक, मार्केटिंग बोर्ड से महावीर सिंह, सचिव सविता रानी, एफएसओ जोगिन्द्र पुनिया, आजाद सिंह सहित प्रधान बलजीत सिंह व उपप्रधान जयपाल छौक्कर आदि मौजूद रहे।
बाक्स
हैफेड ने 2,01804, वेयर हाउस ने 45,425 और खाद्य एवं आपूर्ति ने 2,72,277 क्विंटल गेहूं की खरीद अब तक की है। 6.01 क्विंटल की आवक में 53.41 क्विंटल का उठान होना शेष बचा है। 46.59 क्विंटल का उठान हो चुका है।