पानीपत। डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने मंगलवार को गांव डाहर में आयोजित रात्रि प्रवास के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने समस्याओं के समाधान के आश्वासन दिए।
उन्होंने कहा कि रात्रि प्रवास के दौरान आगामी गांव में रात्रि प्रवास से पहले मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का निवारण करना होगा। संबंधित विभागों के अधिकारी डीसी और एसपी के आने से पूर्व लोगों से शिकायतें लेकर उनके प्रवास के दौरान ही निवारण करना सुनिश्चित करेंगे।
यही नहीं जो शिकायतें उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक से संबंधित होगी वह स्वयं उसका संज्ञान लेंगे। अधिकारी लोगों के आवेदनों पर मौखिक जवाब देकर टाल मटोल न करें। लोगों को स्पष्ट बताया जाए, यदि उन्हें किसी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है तो उसका क्या कारण है, ताकि लोग कार्यालय के चक्कर न काटें।
यदि वे पात्र हैं तो उनके आवेदनों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करें। गांव के सरपंच गांव की प्रशासनिक गतिविधियों में सक्रियता से भाग लें और गांव में सरकारी विभागों के कार्यालयों, स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र या अन्य कोई भी सरकारी कार्यालय है, उसका समय-समय पर दौरा करते रहें। यदि कहीं कोई समस्या है तो जिला स्तर पर सूचना दें।
कार्यक्रम के तहत गांव में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई, साथ ही योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए। इनमें अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण विभाग,क्रीड,खाद्य आपूर्ति विभाग आयुष विभाग स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी शामिल थी।
इस रात्रि प्रवास में करीब 110 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध कब्जों, पेंशन संबंधित शिकायतें थीं।