पानीपत। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र कुमार दहिया ने शनिवार को आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल में स्थापित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। यहां मतदान के लिए तैयार की जा रही सामग्री की बारीकी से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा, लाइट, स्वच्छता व नियमों की पालना के बारे में समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के बारे में विस्तार से जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया में प्रयोग होने वाले सभी प्रकार के फार्मों व अन्य सामग्री को अच्छी प्रकार से जांच कर थैलों में डालें। डॉ. दहिया ने कहा कि चुनाव को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपूर्ण करवाना अधिकारियों का कर्तव्य है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कोई शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पूरी की जाए। इस मौके पर पानीपत शहर के एआरओ एवं एसडीएम मनदीप कुमार, समालखा विधानसभा के एआरओ एवं एसडीएम अमित कुमार इसराना विधानसभा की एआरओ एवं एसडीएम ज्योति मित्तल, तहसीलदार वीरेंद्र गिल व नायब तहसीलदार निर्वाचन सुदेश राणा मौजूद रही।