जिला सचिवालय में नारियल तोड़कर क्रेन को चालू करते डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया। स्रोत : सूचना
पानीपत। औद्योगिक नगरी की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जिला प्रशासन काे मिली 30 टन की अत्याधुनिक हाइड्रोलिक क्रेन को औपचारिक रूप यातायात पुलिस को दिया दे दिया है, इससे किसी भी हादसे के वक्त क्रेन का प्रयोग किया जा सकेगा। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बुधवार को जिला सचिवालय में नारियल तोड़कर क्रेन को चालू किया। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि शहर में जाम की समस्या को प्रशासन किसी भी सूरत में हलके में नहीं ले रहा। कहीं भी दुर्घटना, खराब वाहन या अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के कारण यातायात बाधित होता है तो यह क्रेन तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करेगी। सड़क पर कोई भी अवरोध लंबे समय तक नहीं रह पाएगा। हाइड्रोलिक क्रेन दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तेजी से हटाने, जाम की स्थिति को नियंत्रित करने तथा आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में भूमिका निभाएगी। शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, इसके लिए परियोजना पर काम चल रहा है। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज व डीएसपी यातायात सुरेश सैनी उपस्थित रहे।