पानीपत। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेश सहित जिले के कॉलेजों में आवेदन प्रक्रिया जारी है। प्रदेश के 328 कॉलेजों के 88 पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन किया जाएगा। जिले के 14 महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष की 11260 सीटों पर दाखिला होना है जबकि जिले में 15500 से अधिक विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। आवेदन प्रक्रिया 19 मई से शुरू हुई थी जो 09 जून तक जारी रहेगी। आवेदन प्रक्रिया में तेजी आई है। जिले में आठ हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके हैं।
स्नातक कक्षा में दाखिले के लिए अधिकतर युवा ग्रामीण अंचल की बजाय शहर के कॉलेजों में पढ़ने के लिए उत्साह दिखा रहे हैं। इसलिए देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय में दाखिले के लिए आवेदन में भी विद्यार्थियों का रुझान बना है। महाविद्यालय के आठ पाठ्यक्रमों में दाखिला के लिए 500 से अधिक आवेदन किए जा चुके हैं। विद्यार्थी कॉलेज में बनाए गए हेल्प डेस्क से जानकारी ले रहे हैं। कॉलेजों में दाखिले के लिए सत्यापित परिवार पहचान-पत्र अनिवार्य किए गए हैं। कॉलेज में नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों का कौशल विकास युक्त शिक्षण पर जोर रहेगा।
बॉक्स
डीबीजी राजकीय महाविद्यालय में 840 सीटों पर होगा दाखिला
शहर के तीन प्रमुख एडेड कॉलेजों के अलावा देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में शामिल है। डीबीजी राजकीय महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में विभिन्न आठ पाठ्यक्रमों के लिए 840 सीटें उपलब्ध हैं। यह महाविद्यालय विज्ञान, प्रबंधन और मानविकी के क्षेत्र में स्नातक व स्नातकोत्तर डिग्री प्रदान करता है।
बॉक्स
कॉलेज में स्नातक सीटों की स्थिति
कोर्स सीटें
बीए 400
बीबीए 40
बीएससी मेजर इन केमिस्ट्री 40
बीएससी मेजर इन मैथ 40
बीकॉम 160
बीसीए 40
बीएससी फिजिकल साइंस 80
बीएससी लाइफ साइंस 40
कुल 840
वर्जन-
उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा कॉलेजों में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। कॉलेज में स्नातक कक्षाओं की 840 सीटों पर दाखिला किया जाएगा जिसके लिए अब तक करीब 550 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
- डॉ. सुभाषचंद्र जागलान, प्राचार्य, डीबीजी राजकीय महाविद्यालय, पानीपत।