- एसडी विद्या मंदिर सिटी में डांडिया नाइट का आयोजन, 15 प्रतिभागियों को चुना डांडिया क्वीन
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। एसडी विद्या मंदिर सिटी में शुक्रवार को डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं, उनकी माताओं और शिक्षिकाओं ने डांडिया व गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मधुर संगीत और आकर्षक सजावट ने कार्यक्रम को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 15 डांडिया क्वीन का चयन और सम्मान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आरती के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकनृत्यों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में खान-पान के स्टॉल भी लगाए गए, जहां उपस्थित लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या जयश्री गर्ग और विशिष्ट अतिथियों ने चयनित प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डांडिया नाइट जैसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और संस्कार विकसित करते हैं। छात्राओं, माताओं और शिक्षिकाओं की साझा भागीदारी से विद्यालय और अभिभावकों के बीच संबंध भी मजबूत होते हैं।