21 दिन बाद बुधवार को कोरोना के नए रोगियों की संख्या ठीक होने वाले रोगियों से अधिक रही। बुधवार को कोरोना से संक्रमित 12 लोग मिले, जबकि आठ लोग ठीक हुए। नए रोगियों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। बुधवार को 984 लोगों ने जांच कराई है। अब धीरे धीरे सैंपलिंग की संख्या में भी कमी आ रही है। स्वास्थ्य विभाग अब सिविल अस्पताल में सोमवार से दोबारा सर्जरी की सेवाएं बहाल करने जा रहा है। फिलहाल सिविल अस्पताल में आंख व पत्थरी की सर्जरी समेत 45 सर्जरी रुकी हुई हैं। इसी दिन बुजुर्गों के लिए पेंशन प्रमाण पत्र की सेवाएं भी शुरू होंगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने कोविड अस्पताल में रोगियों को भर्ती न करने का फैसला किया है। इसको कोरोना की तीसरी लहर के लिए बैकअप में रखा गया है।
अब जिले में कोरोना के एक्टिव रोगियों की संख्या 79 रह गई है। जिले में अब तक 318199 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। इनमें से 10.5 प्रतिशत लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट मिली है। जिले में अब तक आए कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 31015 हो चुकी है। अब तक 30306 लोग कोरोना को हरा चुके हैं। अब तक कोरोना से 480 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना की स्थिति कंट्रोल में है, जागरूकता जरूरी है : डॉ. कादियान
हम कोरोना की दूसरी लहर पर जीत की ओर बढ़ रहे हैं। ब्लैक फंगस पर विभाग का फोकस है। लोगों को इसके खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। पॉजिटिविटी रेट बहुत कम हो चुका है। हमें भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचना है। कोरोना समेत सभी बीमारियों के खिलाफ जागरूकता जरूरी है। हम भविष्य की चुनौतियों से लड़ने की तैयारियों में जुटे हैं।
-डॉ. जितेंद्र कादियान, सिविल सर्जन, पानीपत