चांदनीबाग थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता को पता चला कि पति उसकी हत्या करना चाहता है तो गाय को रोटी खिलाने का बहाना बनाकर वह ससुराल से भाग निकली। विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके शरीर को गर्म रॉड से कई बार दागा। चांदनीबाग थाना पुलिस ने शिकायत पर पति के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एकता विहार कॉलोनी निवासी शालू शर्मा ने बताया कि उसकी दो साल पहले दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी गोविंद के साथ शादी हुई थी। शादी में पिता ने दान-दहेज दिया। शादी के कुछ दिन बाद तक सब ठीक रखा, फिर पति ने एक लाख रुपये और बुलेट की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट करने लगा। पति के साथ सास-ससुर, ननद और पड़ोसी भी मारपीट करने लगे। घर के लिए वह मारपीट सहती रही, लेकिन पति की हैवानियत बढ़ गई। वह लोहे की गर्म रॉड से उसके शरीर को दागने लगा। शालू ने बताया कि नौ जून को भी उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि 10 जून को पति, सास-ससुर और अन्य पड़ोसी एक कमरे में बैठकर उसे जान से मारने की साजिश रच रहे थे। उसे इसकी भनक लगी तो घर के बाहर बंधी गाय को रोटी खिलाने के बहाने बाहर आ गई और किसी तरह मायके पानीपत पहुंची।
बस स्टैंड पर हुई बेहोश, होश आने पर एक घर में मिली
शालू ने बताया कि वह ससुराल पक्ष के लोगों की हत्या करने की बात से सहम गई थी। वह दिल्ली बस स्टैंड पर पहुंची। बेसुध हालत में बस में बैठते ही परिचालक ने पता पूछा तो वह पानीपत शब्द बोलकर बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो वह एक महिला के घर मिली। होश आने पर उसने अपने भाई को सूचना दी। मायके पक्ष के लोग वहां पहुंचे। इसके बाद वह अपने मायके आई।
शिकायत पर की है रिपोर्ट दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- मंजीत सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी