कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (चढू़नी) किसानों को एकजुट कर विरोध को आगे बढ़ा रही है, इसी कड़ी में जनप्रतिनिधियों का गांवों में आने पर विरोध भी किया जा रहा है। रविवार को इसराना के गांव ब्राह्मण माजरा में कान्हा टेक्सटाइल का उद्घाटन करना था। इससे पूर्व शनिवार को जनप्रतिनिधियों के विरोध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर सुधीर जाखड़ ने जारी किया। उन पर आरोप है कि वीडियो के जरिए लोगों को उकसाया, रविवार को योजना बना कर विरोध प्रदर्शन कराया, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जनप्रतिनिधियों को नतीजा भुगतने की धमकी दी। रविवार को किए गए विरोध पर पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिला प्रधान सुधीर जाखड़ समेत 75 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पुलिसकर्मी सतबीर ने बताया कि रविवार को ब्राह्मण माजरा में कान्हा टेक्सटाइल का उद्घाटन कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें जनप्रतिनिधियों को पहुंचना था। इस प्रकरण में भाकियू चढ़ूनी ग्रुप के जिला प्रधान सुधीर जाखड़ की ओर से शनिवार की रात करीब पौने 10 बजे एक वीडियो वायरल किया गया। जिसमें धमकी दी गई कि अगर जनप्रतिनिधि रविवार को गांव ब्राह्मण माजरा में पहुंचे तो वे खुद जिम्मेदार होंगे। जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर हाथ पैर तोड़ने की धमकी भी दी गई थी। रविवार को कान्हा टेक्सटाइल के सामने सुधीर जाखड़, सत्यवान नरवाल निवासी कथूरा, राम सिंह निवासी शाहपुर, हरेंद्र राणा, अजमेर निवासी कारद और प्रदीप जागलान निवासी इसराना के साथ करीब 70-75 अन्य योजना बना कर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इसी वजह से लोगों की जान माल की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को देखते हुए जनप्रतिनिधियों के आने का प्रोग्राम रद्द किया गया। अब पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।