अब चोरों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने का नया तरीका निकाला है। पहले एक चोर कार पर कोई वस्तु फेंकता है, फिर उसको रोककर उस पर एक्सीडेंट करने का आरोप लगाता है। तभी पीछे से उसके दो-तीन साथी आते हैं और कार चालक को बातों में उलझाकर चोरी की वारदातें करते हैं। ऐसे ही तीन मामले बुधवार शाम को शहर से सामने आए हैं। चार चोरों ने तीन कार चालकों को रोककर उनके पर एक्सीडेंट के आरोप लगाकर उनके मोबाइल चोरी कर फरार हो गए। अब तीनों ने सिटी थाना पुलिस को शिकायत दे दी है।
पहली वारदात
सतकरतार कॉलोनी का मोहित अपनी कार से बस स्टैंड की ओर आया था। जैसे ही वो पालिका बाजार के सामने पहुंचा पीछे से एक युवक ने कार पर कोई वस्तु मार दी और कार को रुकवाकर कहा कि उसने एक्सीडेंट कर दिया है। जैसे ही मोहित कार से नीचे उतरा तभी यहां पर तीन और युवक आ गए। चारों ने मोहित को बातों में उलझा लिया और कार में रखा उसका मोबाइल चोरी कर लिया।
दूसरी वारदात
सवा चार बजे अंसल के राजेश के साथ भी पालिका बाजार के सामने ही ऐसी वारदात हुई। एक युवक ने उसकी कार को रुकवाया और एक्सीडेंट करने की बात कही। फिर बातों में उसको उलझा लिया और तीन युवक वहां पर आ गए उसका भी मोबाइल चोरी कर लिया।
तीसरी वारदात
गांव सौंदापुर का रहने वाला करण अपनी कार से बाजार आया था। खरीदारी के बाद वो वापस अपनी कार से घर जा रहा था। जीटी रोड पर पालिका बाजार के सामने एक युवक ने उसकी कार पर पीछे से पत्थर मारा और उसके साथ ये कहकर लड़ाई की कि उसने एक्सीडेंट किया है और भागने का प्रयास कर रहा है। तीन और युवक पीछे से पैदल आए। चारों ने करण के साथ विवाद किया और उसका मोबाइल लेकर फरार हो गए। ये वारदात पौने चार बजे हुई।
तीनों युवकों की शिकायत मिली है। मामले की जांच चल रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जाएगा।
योगेश कटारिया, प्रभारी सिटी थाना पुलिस