करीब चार माह बाद जौरासी सर्फ खास निवासी कुलदीप (32) को दुष्कर्म के केस में फंसाकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने पानीपत निवासी आरोपित महिला को रेणू को गिरफ्तार कर लिया। उसे शुक्रवार को अदालत पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने महिला से दो लाख रुपये की नकदी बरामद की है। गौरतलब है कि बिजली निगम के सेवानिवृत्त जेई धर्मपाल गौतम के मुताबिक 21 सितंबर 2019 को बेटे कुलदीप की फेसबुक आइडी पर दोस्ती का एक मैसेज आया। जो प्रकरण जनवरी तक चला और फिर उक्त हनीट्रैप गिरोह ने कुलदीप पर 28 जनवरी 2020 पानीपत माडल टाउन थाना में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया। पूरे प्रकरण में गांव के ही उनके विरोधी पक्ष के व्यक्ति का हाथ था। केस उठाने की एवज में पैसे की डिमांड की गई। पानीपत निवासी सुरेश तांत्रिक, सोमदत्त निवासी सिवाह व बेटे पर केस दर्ज कराने वाली महिला कई बार मिले। 15 फरवरी 2020 को वकील के चेंबर में मामले को निपटाने की एवज में उनसे साढ़े पंद्रह लाख रुपये भी लिये। 18 फरवरी को शिकायतकर्ता महिला ने शपथ पत्र देकर डीएसपी के सामने बयान दर्ज कराए। लेकिन लॉकडाउन की वजह से कोर्ट में बयान न होने पर उक्त गिरोह बयान बदलने की धमकी देने लगा। धमकियों से तंग आकर 29 जुलाई की रात कुलदीप ने घर पर फांसी का फंदा लगा जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने पिता के बयान पर चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर सुरेश नाम के एक आरोपित को पहले गिरफ्तार कर लिया था।