नवरात्र का दौर चल रहा है और आज दशहरा भी है। शहर में रामलीलाओं का मंचन चल रहा है, जिसमें अलग अलग शहरों से आए कलाकार अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं, लेकिन इस साल एक कलयुगी रामलीला देखने को मिली। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई, जो पानीपत की है। जिसमें दो महिलाएं रामलीला के शुरूआत, मध्यम व अंत में दर्शकों का फिल्मी, पंजाबी व हरियाणी गानों पर मनोरंजन कर रही हैं। वहीं दो युवक हवा में हथियारों को उठाए हुए हैं। रामलीला कमेटी से एक युवक दर्शकों को आराम से बैठकर आनंद लेने की बात कर रहा है। वीडियो पुलिस तक पहुंची तो पुलिस ने कार्रवाई की, हथियारों को हवा में घुमाने पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कुमार ने बताया कि गत 22 अक्तूबर को हैैड कांस्टेबल सुनील व ईएसआई बलवान सिंह लोधी पार्क, तहसील कैंप में गश्त पर थे। इसी बीच उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल हुई कलयुग की रामायण के नाम से एक वीडियो मिली। जो फतेहपुरी चौक के नजदीक चल रही आदर्श रामलीला कमेटी की थी। जिसमें लाउड स्पीकर पर तेज आवाज में फिल्मी गाने चल रहे थे। रामलीला ड्रामा की स्टेज पर दो महिलाएं उन गानों पर डांस कर रही हैं। वहीं दोनों महिलाओं के साथ दो युवक भी हैं, जिनके हाथों में हथियार हैं और वह हवा में उन्हें लहराकर हवाई फायर करते हुए डांस कर रहे हैं। जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। दोनों युवकों की पहचान दीपक पुत्र चेतन निवासी फतेहरपुरी चौक व पूर्ण पुत्र जस्सा राम निवासी फतेहपुरी चौक के रूप में हुई है।
राम, लक्ष्मण व सीता कुर्सी पर बैठे, सूर्पनखा पात्र ने लगाए ठुमके
वायरल वीडियो में राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के पात्र कुर्सी पर बैठे हैं। सूर्पनखा पात्र व एक अन्य महिला ने मिलकर सात फिल्मी गानों पर ठुमके लगाए। रामलीला की शुरूआत में तीन मध्यम में दो और अंत में भी दो फिल्मी गानों पर दो महिलाएं डांस कर रही हैं।
14 साल वनवास काटने के लिए आए थे श्रीराम... ठुमके लगाकर हुआ स्वागत
21 मिनट की वीडियो में रामलीला का मंचन भी है और देशी डांस भी। रामलीला के मंचन में श्रीराम 14 साल के वनवास काटने के लिए जंगल पहुंचते हैं। उनके साथ सीता माता और छोटा भाई लक्ष्मण होते हैं। उनका स्वागत एक महिला फिल्मी गानों पर डांस करते हुए करती है। वहीं मंचन के दौरान श्रीराम को सूर्पनखा पात्र एक महिला शादी करने के लिए कहती हैं, लेकिन श्रीराम मना कर देते हैं, जिसके बाद वह लक्ष्मण से वार्तालाप करती है और उन्हें काला कहकर शादी करने से मना कर देती है और फिर नाचने लगती है।
दर्शकों आराम से बैठकर आनंद लो... प्रशासन सख्त है
वीडियो में मंच की ओर से एक युवक दर्शकों को आराम से बैठकर डांसर का आनंद लेने के लिए कह रहा है। दर्शक जहां रामलीला देखने आए थे, वहां उन्हें डांसर के ठुमके देखने को मिले। युवक ने कहा कि वह घर बैठे भी लाइव रामलीला का शो दिखा रहे हैं। वहीं युवक लाइव के माध्यम से प्रशासन को धन्यवाद करता है कि उन्होंने परमिशन दी। दर्शकों को कहा कि आराम से बैठ जाओ प्रशासन सख्त है।
यह थे वह गाने, जिन पर लगाए ठुमके
ले लै, ले ले मजा ले, रात का जमकर मजा ले
डीजे वाले बाबू मेरा गाना बजा दो..
सात समुंद्र पार मैं तेरे पीछे पीछे आ गई
26 साल दी कंवारी बैठी तेरे कर के
सारे लड़कों की कर दो शादी, एक छोड़ दो
होश न खबर है, ये कैसा असर है, दिलबर
वो शराबी, क्या शराबी, जिसके दिल में गम न हो
पुलिस ने नामजद दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, दोनों युवकों की धरपकड़ जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेेक्टर योगेश कटारिया, शहर थाना प्रभारी