कृषि संबंधित तीनों विधेयकों के विरोध में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान संगठनों द्वारा 20 सितंबर को दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक जीटी रोड को छोड़कर अन्य सभी सड़कों को जाम किया जाएगा। इसको लेकर सभी 17 किसान संगठनों द्वारा सारी तैयारी कर ली गई है। गुरनाम सिंह चढूनी शनिवार शाम को लघु सचिवालय के सामने किसान संगठनों व आढ़तियों द्वारा दिए जा रहे धरने को संबोधित कर रहे थे। हालांकि गुरनाम सिंह ने दोपहर को दो बजे धरने में आना था पर वे शाम को 5 बजे पहुंचे। उनके आने तक किसान धरने पर बैठे रहे। गुरनाम ने कहा कि वे कई जिलों का दौरा करके आए हैं और हरियाणा जाम करने को लेकर बहुत अच्छा माहौल है। वहीं पत्रकारों से बातचीत करते हुए गुरनाम सिंह ने कहा कि हरियाणा जाम के उपरांत 25 सितंबर को भारत बंद का ऐलान किया गया है और फिर भी सरकार किसान विरोधी तीनो काले कानून वापस नहीं लेती तो 27 सितंबर को देशभर के किसान संगठनों की बैठक बुलाई जाएगी और उसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी। इस अवसर पर अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश दहिया, भाकियू के जिला प्रधान कुलदीप बलाना, आढ़ती एसोसिएशन के जिला प्रधान धर्मबीर मलिक, पूर्व जिला प्रधान सुखबीर आटा, पूर्व उपप्रधान बिंटू मलिक, आदि मौजूद रहे।