पानीपत। साइक्लोथॉन 2.0 नशा मुक्त पानीपत का संदेश दे गई। युवाओं से लेकर हर वर्ग को नशे के खात्मे की शपथ दिलाई गई। खासकर युवा पीढ़ी को जागरूक किया।
साइक्लोथॉन-2.0 का वीरवार को जिला सचिवालय में स्वागत किया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने साइक्लोथॉन यात्रा को झंडी दिखाकर करनाल के लिए रवाना किया। उन्होंने 84 गांव की पंचायतों के प्रतिनिधियों को प्रशंसा पत्र व ट्रॉफी देकर ड्रग फ्री कार्य में भूमिका निभाने पर सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री ने इस मौके पर ओलंपियन सीमा बिसला और कॉमनवेल्थ गेम की कांस्य पदक विजेता पूजा गहलावत को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों व कॉलेज के विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलवाई।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे को जड़ मूल से खत्म करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। साइक्लोथॉन यात्रा जहां-जहां से गुजर रही है, वहां-वहां नशे को दूर करने का संदेश दे रही है। जिला प्रशासन भी नशे पर लगाम कसने को लेकर मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। इस कार्य में लगातार सफलता हासिल हो रही है। कानून के माध्यम से भी नशे का व्यापार करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि यह साइक्लोथॉन यात्रा पांच अप्रैल से प्रारंभ हुई थी और 27 अप्रैल को सिरसा में इसका समापन होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को इसमें अहम भागीदारी निभानी चाहिए व मजबूत संकल्प के साथ इस मुहिम को कामयाब करना चाहिए।
उपायुक्त ने ग्राम पंचायतों से आह्वान किया कि वे नशा मक्ति मुहिम को जारी रखें। सरपंच प्रतिनिधि की बजाय सरपचों की भागीदारी होनी चाहिए। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, पानीपत एसडीएम ब्रह्मप्रकाश साइकिल चलाकर टोल प्लाजा तक पहुंचे। इस मौके पर डीएसपी सतीश वत्स, डीएसपी सुरेश सैनी, डीएसओ धुरेंद्र सिंह, तहसीलदार सौरभ शर्मा, सविता आर्य, बीडीपीओ नितिन, कौर टीम के सदस्य इरफान, विवेक कातियाल, नितिन अरोड़ा, अनील शर्मा, तुषीर वेदांता, रंजिता कौशिक व रिंकू वर्मा मौजूद रहे।