पानीपत। उग्राखेड़ी के पास मलिक नर्सरी के सामने साइकिल सवार अधेड़ को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल साइकिल सवार की पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा बुधवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। चांदनीबाग थाने की पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
धूप सिंह नगर निवासी दीपक ने बताया कि बुधवार दोपहर तीन बजे उसके पिता कृष्ण (52) साइकिल पर सवार होकर उग्राखेड़ी से अपने घर लौट रहे थे। जब वह मलिक नर्सरी के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर जा गिरे और सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उनको सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई में देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर चांदनीबाग पुलिस पीजीआई पहुंची और बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।