पानीपत। जीटी रोड पर अनाजमंडी और एनएफएल के बीच अज्ञात वाहन ने शुक्रवार रात एक साइकिल सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। घर न पहुंचने पर परिजनों ने फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हुआ। एनएनएफ के पास उसका शव पड़ा मिला। शव के पास शीशा बिखरा हुआ था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
यूपी के हरदोई निवासी शिवापाल ने बताया कि हाल में वह पानीपत के गांव सिवाह में किराये पर रहता है। वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। एक जुलाई की शाम साढ़े पांच बजे उसके पिता बृजेश कुमार (44) घर पर देवनगर काबड़ी रोड स्थित बुआ सुनीता के घर जाने की बात कह कर निकले थे, लेकिन वह बुआ के घर नहीं पहुंचे। उसने उन्हें फोन किया तो संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद परिजनों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान पिता अनाजमंडी और एनएफएल के बीच रोड के पास मृत अवस्था में मिले। उसके पास गाड़ी के टूटे हुए शीशे भी पड़े थे। उन्होंने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि पिता को अज्ञात वाहन टक्कर मार गया है। सेक्टर 29 थाने की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।