शहर की जाम की समस्या को खत्म करने के लिए एक बार फिर प्रयास हुआ है। इस बार एलिवेटेड हाइवे के रोड धर्मशाला और शादी आश्रम के सामने दोनों तरफ कट खोले जाएंगे।
इससे वाहन खादी आश्रम से सीधा एलिवेटेड हाइवे की करनाल लेन पर चढ़ सकेंगे। वहीं जरूरत पड़ने पर दूसरी तरफ रोड़ धर्मशाला के सामने उतर सकेंगे।
इसी तरह करनाल लेन पर दिल्ली जाते समय रोड धर्मशाला के सामने एलिवेटेड हाइवे पर चढ़ सकेंगे और खादी आश्रम के सामने फिर से जीटी रोड पर उतर सकेंगे।
यहीं नहीं जीटी रोड के ट्रैफिक को आराम देने के लिए सनौली रोड और जाटल रोड के ट्रैफिक को सर्विस लेन से आगे गुजारा जाएगा।
नगर निगम जेसी व पुलिस का यह प्रयास सफल होता है तो शहर को कई सालों के बाद जाम से मुक्ति मिल सकेगी।
नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर अश्वनी मेंगी और ट्रैफिक डीएसपी आत्माराम शहर को जाम मुक्त बनाने के प्रयास के साथ शनिवार सुबह जीटी रोड पर उतरे।
उन्होंने सुबह करीब छह बजे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। शहर में रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए मंथन किया।
अधिकारियों ने जीटी रोड पर एलिवेटेड हाइवे के रोड धर्मशाला और खादी आश्रम के सामने दोनों तरफ कट खोलने का फैसला लिया।
निगम आयुक्त ने जाटल पर अतिक्रमण हटवाने व जाटल रोड की दोनों साइड समतल करने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न उठानी पड़े।
वहीं रोड के बीचों बीच सीवरेज के बने ऊंचे नीचे मेनहॉल को रोड के समतल करने की बात कहीं। वहीं शराब के ठेका संचालक को रोड पर लगाए गए बोर्ड उतारने के निर्देश दिए जोकि जाम का कारण बने हुए हैं।
जाटल रोड पर दौरे के दौरान नगर निगम आयुक्त व एसई ने सर्विस स्टेशन पर पानी की बर्बादी को देखते हुए चिंता व्यक्त की। सर्विस स्टेशन के कारण भी सीवरेज जाम की समस्या व पानी की अधिक बर्बादी हो रही है।
सनौली रोड व जाटल रोड वाले चलेंगे सर्विस लेन पर
अधिकारियों ने संजय चौक के जाम को खत्म करने के लिए सनौली रोड व जाटल रोड के ट्रैफिक के रूट में कुछ बदलाव करने का फैसला लिया।
अधिकारियों ने बताया कि सनौली रोड से जीटी रोड की तरफ आने वाले वाहनों को संजय चौक से सर्विस लेन से गोहाना रोड की तरफ गुजारा जाएगा।
ये वाहन चालक मिड टाउन होटल के सामने या गोहाना रोड से यू-टर्न लेकर आगे जा सकेंगे। वहीं जाटल रोड से आने वाला ट्रैफिक भी सीधे जीटी रोड पर नहीं चढ़ने दिया जाएगा। यहां के ट्रैफिक को सर्विस लेन से गुजारा जाएगा।
उबड़-खाबड़ सर्विस लाइन को सुधारेंगे
जीटी रोड की सर्विस लेन उबड़-खाबड़ है। कुछ दुकानदारों का भी इस पर कब्जा है। प्रशासन व पुलिस सर्विस लेन को खाली कराएगी और फिर इसको समतल कर वाहनों को गुजारा जाएगा। यह सबसे बड़ी समस्या है और इसके समाधान की पहले दिन से ही मांग उठ रही थी।
जेसीबी से ऑन द स्पॉट काम शुरू
नगर निगम आयुक्त ने जाटल रोड का दौरा कर जेसीबी मशीन द्वारा उबड़ खाबड़ सर्विस लेन को समतल करने के लिए ऑन दॉ स्पोट काम शुरू करा दिया गया है। वहीं जाटल रोड अधूरा पड़े मेनहॉल के काम ठेकेदार को फोन कर जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
एक बार पहले भी खोले थे कट
प्रशासन ने एलिवेटेड हाइवे के रोड धर्मशाला और खादी आश्रम के सामने एक साल पहले भी कट खोले गए थे। प्रशासन ने कुछ दिनों के बाद ही कट बंद करवा दिए। प्रशासन ने माना था कि कट खुलने के बाद जीटी रोड व एलिवेटेड हाइवे के वाहनों के बीच टक्कर हो सकती है। ऐसे में किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इन सबको देखते हुए कट फिर से बंद कर दिए गए थे।
शहर को जाम मुक्त करने के लिए मंथन जारी है। जाम की समस्या से निपटने के लिए रोड़ धर्मशाला व खादी आश्रम के पास कट खोले जाएंगे। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए एलएनटी अधिकारियों के साथ एक मीटिंग रखी गई है।
अश्वनी मेंगी, आयुक्त, नगर निगम, पानीपत