फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat Municipal Election Results: समालखा की चौधर पर कुच्छल का कब्जा, कांग्रेस समर्थित बेनीवाल को हराया

Thu, 23 Jun 2022 03:53 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, समालखा, पानीपत (हरियाणा)

सार

समालखा में कांग्रेस प्रत्याशी को 2625 वोटों से हराकर भाजपा के अशोक कुच्छल चेयरमैन बने हैं। आप प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक का मतदान के दिन दिया समर्थन भी काम नहीं आया। 
विज्ञापन
भाजपा प्रत्याशी जीते। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर पालिका समालखा में इस बार कमल खिल गया। भाजपा प्रत्याशी अशोक कुच्छल ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी संजय बेनीवाल को 2625 वोटों से हराकर चेयरमैनी की चौधर पर कब्जा कर लिया। कुच्छल को 9704 जबकि बेनीवाल को 7079 वोट मिले। आम आदमी पार्टी से चेयरमैन पद के प्रत्याशी पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर ने भी मतदान के दिन ही कांग्रेस समर्थित बेनीवाल को समर्थन दे दिया था लेकिन यह पैतरा भी काम न आया। आम आदमी पार्टी को 1273 वोट मिले।
विज्ञापन


नपा चुनाव में चेयरमैन पद पर आठ प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से पांच राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक पार्टियों या उनसे समर्थित थे, जबकि तीन निर्दलीय थे। भाजपा और कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों को छोड़ अन्य सभी की जमानत जब्त हो गई। एक प्रत्याशी से नोटा भी जीत गया। दूसरी ओर पार्षद पद के लिए सभी 17 वार्डों में से सिर्फ छह में ही भाजपा जीत दर्ज कर सकी। पार्षद के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों का दबादबा रहा। भाजपा प्रत्याशी के तौर पर जीते कुच्छल पहले भी चेयरमैन रह चुके हैं।

इनकी जमानत जब्त
कुल पड़े वोटों में से प्रत्याशी को कम से कम 1/6 यानी 16.66 प्रतिशत वोट लेना अनिवार्य होता है। तभी उनकी जमानत राशि वापस होती है। इस बार चुनाव में 21588 वोट पड़े। इस हिसाब से हर प्रत्याशी को अपनी जमानत बचाने के लिए कम से कम 3584 वोट चाहिए थे, जबकि छह प्रत्याशी ऐसा करने में विफल रहे। आप से भरत सिंह छौक्कर, इनेलो से उमेश कुमार, बसपा से हारुनद्दीन, निर्दलीय अशोक गुप्ता, निर्दलीय कुसुमलता और निर्दलीय सुनीता की जमानत जब्त हो गई।
विज्ञापन


ये बने पार्षद
वार्ड-1 से संजय कुमार (भाजपा), वार्ड-2 से अमिता शर्मा (भाजपा), वार्ड-3 से हरिओम (भाजपा), वार्ड-4 से रेनू (निर्दलीय), वार्ड-5 से कप्तान सिंह (निर्दलीय), वार्ड-6 से नरेश कौशिक (निर्दलीय), वार्ड -7 से अनिल कुमार (निर्दलीय), वार्ड-8 से विनोद (निर्दलीय), वार्ड-9 से मनीषा देवी (निर्दलीय), वार्ड-10 से मनीष बेनीवाल (निर्दलीय), वार्ड-11 से नीतू छाबड़ा (निर्दलीय), वार्ड-12 से पीयूष मित्तल (भाजपा), वार्ड-13 से अजय कुमार (निर्दलीय), वार्ड-14 से शिक्षा देवी (निर्दलीय), वार्ड-15 से प्रतिभा (निर्दलीय), वार्ड-16 से राजेश कुमार (भाजपा) और वार्ड-17 से रुचि बंसल (भाजपा) ने जीत दर्ज की।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मिला प्रमाणपत्र
मतगणना केंद्र पर सुबह आठ बजे पर्यवेक्षक सुजान सिंह यादव की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम का ताला खोलकर सील हटवाई गई और ईवीएम को स्ट्रांग रूम से बाहर लाया गया। इसके बाद मतगणना शुरू हुई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान और पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दी। रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम अश्वनी मलिक ने मतगणना के बाद नवनिर्वाचित पार्षदों और नपा चेयरमैन अशोक कुच्छल को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया। उन्होंने समालखा नगर पालिका चुनाव में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयास की भी सराहना की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें