पानीपत। जीटी रोड पर मलिक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने सीआरपीएफ के हवलदार को टक्कर मार दी। हादसे में हवलदार गंभीर रूप से घायल हो गया। हवलदार को रोहतक पीजीआई में दाखिल कराया गया है। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर की शिकायत पर सेक्टर 29 थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि वह सीआरपीएफ की 333वीं बटालियन में तैनात है। वह पानीपत में विधानसभा चुनाव में ड्यूटी है। उनकी तैनाती दिल्ली के झाडोदा के सीआरपीएफ कैंप में थी। वह चार दिन पहले अपने जवानों के साथ पानीपत में ड्यूटी पर आया था। उनको गोशाला मंडी में तैनात किया गया है। उसके पास 10 जवान हैं। हवलदार मुकेश निवासी सोलंकी रोड, उत्तम नगर, नई दिल्ली मंगलवार रात को कैंप से चला गया था। बुधवार सुबह तीन बजे मलिक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको राहगीरों ने सिवाह के पास एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। यहां से उसे रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया गया। अब वहां उनका इलाज चल रहा है। उसकी वहां हालत गंभीर बनी हुई है।