मॉडल टाउन के आठ मरला चौक पर यातायात ड्यूटी पर तैनात एसपीओ जोगिंद्र को कार से टक्कर मारकर मौत के घाट उतारने वाले कालखा निवासी आरोपी सावन को सीआईए-टू और सीआईए-थ्री पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का पहले भी अपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ आपराधिक वारदातों के कुल 8 मुकदमे दर्ज है। पूछताछ करने के लिए गिरफ्तार आरोपी सावन को बुधवार को न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। आरोपी से आगे की पूछताछ गहनता से जारी है।
सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि बीती 3 जून की सुबह एक ऐसेंट कार चालक मॉडल टाउन के आठ मरला चौक पर यातायात ड्यूटी पर तैनात एसपीओ जोगिंद्र को कार से सीधी टक्कर मारकर एसपीओ जोगिंद्र को बोनट पर लटका करीब 200 मीटर दूर तक घसीटने के बाद ई-रिक्शा का एक्सीडेंट कर एसपीओ जोगिंद्रि व ई-रिक्शा चालक को गंभीर रूप से घायल कर वारदात को अंजाम दे कार सहित मौके से फरार हो गया था।
इस वारदात बारे सिटी ट्रैफिक-टू इंचार्ज एएसआई रविंद्र कुमार की शिकायत पर थाना माडल टाउन में धारा 186, 279, 307, 337, 353 केस दर्ज किया गया था। उपचाराधीन एसपीओ की सोमवार को मौत हो गई थी। सीआईए थ्री व टू की संयुक्त टीम ने वारदात स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी में कैद फुटेज को खंगालते हुए आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए थे।
वहीं ऐसेट कार को वारदात के महज 10 घंटे के दौरान ही थाना मतलौडा क्षेत्र के अंतर्गत एक गैराज के बाहर से बरामद कर आरोपी की पहचान करते हुए धरपकड़ के लिए सीआईए की सयुक्त टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिस दी जा रही थी। टीम ने मंगलवार साय आरोपी को जीटी रोड पैन फूड कंपनी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सावन पुत्र बलवान निवासी कालखा पानीपत के रूप मे हुई।