पानीपत। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। हर रोज हत्या की तीन वारदातें हो रही हैं। यह प्रदेशवासियों के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने ये बात शुक्रवार को जेजेपी नेता देवेंद्र कादियान के जीटी रोड सिवाह स्थित पेट्रोल पंप कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने के आकड़े देखें तो प्रदेश में हर रोज तीन हत्या, चार दुष्कर्म और सौ से ज्यादा चोरी व लूटपाट की घटना सामने आई हैं। हरियाणा में अफसरशाही हावी होने के कारण आज पूरी तरह कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है और मुख्यमंत्री नायब सैनी हाथ पर हाथ धरे बैठकर यह सब देख रहे हैं। दिग्विजय ने भाजपा सरकार को चेताते हुए कहा कि अगर अपराध के हालात नहीं सुधरे तो इनसो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि पानीपत में बाउंसरों ने किसान को जिंदा जला दिया।
जननायक जनता पार्टी के नेता ने कहा कि पंचकूला में फिल्म देखकर आ रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हिसार में नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न व वीडियो अपलोड करने का मामला सामने आया। उचाना में डेढ़ घंटे में तीन जगह फायरिंग करके 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और सीएम बिल्कुल गंभीर नहीं है। जब चुने हुए जनप्रतिनिधियों की सुनवाई नहीं होगी और अफसरशाही हावी होगी तो प्रदेश का यही हाल होगा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि हरियाणा की सरकार को सीएम नहीं बल्कि चंडीगढ़ और दिल्ली में बैठे अधिकारी चला रहे हों।
हाईकोर्ट द्वारा सामाजिक व आर्थिक आधार पर मिलने वाले बोनस अंक को रद्द करने से हरियाणा की करीब 25 हजार भर्तियों पर तलवार लटक गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हरियाणा कौशल रोजगार निगम के अधीन लगे कर्मचारियों को पक्की नौकरी देने का वादा भी झूठा निकला क्योंकि आज एचकेआरएन कर्मचारियों के रोजगार के साथ छेड़छाड़ किया जा रहा और उन्हें नोटिस देकर हटाया जा रहा है। दिग्विजय ने कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा एचकेआरएन कर्मचारियों की जेजेपी ने वकालत की थी, तब जाकर उन्हें हाईकोर्ट से राहत मिली। इस मौके पर देवेंद्र कादियान, जिलाध्यक्ष रामनिवास पटवारी, समालखा हलका प्रधान सुरेश आट्टा, संदीप इंदौरा, पप्पू त्यागी, योगेश त्यागी, राजिंद्र जेलदार, विक्की डाडोला व गोपाल जांगड़ा मौजूद रहे।