कलयुगी बेटा मां को गोली मारने के लिए यूपी से देसी कट्टा लेकर आया था, पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कट्टा बरामद किया है। वह कट्टा यूपी से खरीदकर लाया था।
हरियाणा के पानीपत में सिवाह गांव में जमीन नाम न कराने की रंजिश में मां राजबाला को गोली मारने वाले आरोपी बेटे प्रदीप कादियान को एक दिन की रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध देसी कट्टे को बरामद किया है।
विज्ञापन
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी यूपी से कट्टा खरीदकर लाया था। इस खुलासे के बाद पुलिस यूपी में कट्टा देने वाले आरोपी के ठिकानों पर दबिश देने में जुट गई है। सिवाह निवासी राजबाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि छोटा बेटा प्रदीप नशा करता है और उसके खिलाफ आपराधिक केस दर्ज हैं।
उसकी दो बेटियां हैं। सोमवार सुबह आठ बजे प्रदीप ने उस पर दबाव डाला कि वह तीन एकड़ जमीन उसके नाम करा दे। उसने इनकार किया और जमीन दोनों बेटियों में भी बांटने की बात कही। इसी बात पर वह तैश में आ गया और मां को गोली मार दी। गोली पीठ में लगी, जिसके बाद आरोपी भागने लगा तो परिजनों ने पकड़कर उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया।