जेल में जहर खाकर एसपीओ ने दी जान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के पानीपत में जिला जेल में शुक्रवार को स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जीटी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर दोपहर बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले उसने डॉक्टर से कहा कि उसे गलत फंसाया गया है।
गांव राजाखेड़ी निवासी बलराज (46) एस्कॉर्ट गार्द में ड्यूटी पर तैनात था, जहां शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीली गोलियां खा ली। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। जेल स्टाफ ने सेक्टर 29 थाना पुलिस को सूचना दी और बलराज को जीटी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दोपहर बाद उसकी मौत हो गई। वह बीते करीब साढ़े चार साल से पानीपत पुलिस में सेवारत थे। वह तीन बच्चों का पिता था। परिजनों को भी उनकी आत्महत्या करने का कारण नहीं पता है।
बलराज के आखिरी शब्द छोड़ गए अनसुलझे सवाल
मृतक बलराज के जीजा सतीश कुमार ने बताया कि जीजा शुक्रवार सुबह घर से ठीक अवस्था में ड्यूटी पर गए थे, कुछ ही घंटों में उन्हें पुलिस से सूचना मिली कि बलराज ने जहर खा लिया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर से बातचीत की। डॉक्टर ने बताया कि बलराज ने आखिरी शब्द यही कहा था कि मुझे गलत फंसाया गया है, मेरा कोई कसूर नहीं है। इसके बाद उसे वेंटिलेटर पर डाल दिया गया था। उन्हें नहीं पता कि जीजा किस केस में फंसाने की बात कर रहे थे। दूसरी ओर थाना प्रभारी का कहना है कि उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं है, न ही कोई जांच लंबित है।
परिजनों के बयान पर 174 की कार्रवाई की गई है, पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बातचीत में बताया कि एसपीओ पिछले तीन से चार दिन से परेशान चल रहा था। एसपीओ के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है, न ही मामला है। उसने सुसाइड क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है।
- इंस्पेक्टर राकेश शर्मा, प्रभारी, सेक्टर 29 थाना