पानीपत। गोहाना में आयोजित भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली के कारण चांदनी बाग पुलिस सिवाह डबल मर्डर मामले के मुख्य आरोपी राकेश उर्फ पंपी को प्रोडक्शन वारंट पर पानीपत नहीं ला सकी। राकेश उर्फ पंपी का पानीपत कोर्ट में न ला पाने का कारण अधिकतर पुलिस कर्मियों की रैली में ड्यूटी होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी अमरजीत निवासी सिवाह को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है।
पुलिस आरोपी अमरजीत से चार दिन के रिमांड के दौरान डबल मर्डर मामले के बारे में पूछताछ करेगी। पुलिस मामले के मुख्य आरोपी राकेश उर्फ पंपी को जल्द पानीपत कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट पर लाने का दावा ठोक रही है।
विदित है कि पिछले साल आठ नवंबर को गांव सिवाह में चौटाला रोड स्थित फार्म हाउस पर सितेंद्र व उसके चाचा दलेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की मुख्य वजह पंचायती चुनाव कर रंजिश को बताया गया था।
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राकेश उर्फ पंपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। वारदात के पांच माह बाद गुड़गांव स्पेशल स्टाफ पुलिस ने राकेश उर्फ पंपी को 20 मार्च को गुड़गांव से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अब तक मामले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
वर्जन
राकेश उर्फ पंपी को पुलिस कर्मियों की कमी के कारण पानीपत कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट पर नहीं लाया जा सका। अधिकतर पुलिस कर्मियों की रैली में ड्यूटी थी। अमरजीत को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर ले लिया है। पुलिस अमरजीत से रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ करेगी।
अनिरुद्ध चौहान, प्रभारी थाना चांदनी बाग पानीपत।