स्टेट विजिलेंस ने पानीपत में मॉडल टाउन थाने की एएसआई को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एएसआई ने दहेज के लिए प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी और मारपीट के मामले में युवती का नाम केस से बाहर निकालने के लिए 30 हजार रुपये मांगे थे। 10 हजार रुपये वह पहले ही ले चुकी थी, जबकि थाने के अंदर ही 20 हजार रुपये लेते विजिलेंस ने काबू कर लिया। इस संबंध में युवती के पिता की ओर से शिकायत दी गई थी।
मॉडल टाउन निवासी मंजू की शादी 21 नवंबर 2021 को गाबा कॉलोनी के वरुण गौतम से हुई थी। मंजू ने मॉडल टाउन थाना पुलिस को 29 सितंबर को दी शिकायत में बताया था कि उसके पति का पड़ोस में रहने वाली युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका पता उसे शादी के बाद चला। उसने विरोध किया तो वरुण ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें : Haryana: चौटाला परिवार के युवराजों में नहीं होगी चुनाव की जंग, बिजली मंत्री के बेटे गगनदीप का नामांकन रद्द
अब वरुण ने उसको छोड़ दिया और कोर्ट में तलाक का केस डाल दिया। वरुण ने उसे बिना तलाक दिए ही युवती से शादी भी कर ली। इस पूरे प्रकरण में युवती के पिता ने भी उनका साथ दिया। जब भी वह विरोध करती तो पति वरुण उसे जान से मारने की धमकी देता था। अब उसकी प्रेमिका गर्भवती है।
इस संबंध में शिकायत के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस की एएसआई पूनम ने आरोपी पति वरुण एवं उसकी प्रेमिका पर केस दर्ज कर लिया था। अब एएसआई प्रेमिका को इस मामले से निकालने के लिए 30 हजार रुपये मांग रही थी। प्रेमिका 10 हजार रुपये एएसआई को दे चुकी थी। अब उस पर 20 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। इस पर उसके पिता ने इसकी सूचना स्टेट विजिलेंस को दी।
इसके बाद रविवार शाम को शिकायतकर्ता ने एएसआई पूनम को रुपये देने के लिए कॉल किया। एएसआई पूनम ने उसे मॉडल टाउन पुलिस थाने में बुलाया। शिकायतकर्ता से जैसे ही पूनम ने 20 हजार रुपये लिए विजिलेंस ने उन्हें पकड़ लिया। साथ ही 20 हजार रुपये बरामद कर लिए। इस दौरान एएसआई खुद को निर्दोष बताती रही। विजिलेंस ने थाने लाकर उन पर केस दर्ज कर गिरफ्तार किया। फिर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
केस से बाहर निकालने के लिए मांगे थे 30 हजार : प्रभारी
एएसआई पूनम ने केस से युवती को बाहर निकालने के लिए 30 हजार रुपये मांगे थे। 10 हजार वह पहले ले चुकी थी। अब 20 हजार मांग रही थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ा गया। उस पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
- सुमित सरोहा, प्रभारी स्टेट विजिलेंस, पानीपत