हरियाणा के पानीपत के सिविल अस्पताल में सुरक्षा के बीच एक महिला प्रथम तल स्थित शौचालय में बच्चे को जन्म देने के बाद लावारिस छोड़कर फरार हो गई। स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस महिला और उसके तीमारदारों की खोजबीन में जुटी है। फिलहाल स्टाफ नर्स ने नवजात को एसएनसीयू वार्ड में दाखिल कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। दूसरी ओर शहर थाना पुलिस दिनभर सिविल अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी रही। देर शाम तक महिला और उसके तीमारदारों का कोई सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह छह बजे के करीब 22 वर्षीय एक गर्भवती सिविल अस्पताल में एक पुरुष और दो अन्य महिलाओं के साथ ई-रिक्शा में पहुंची। इसके बाद गर्भवती और उसके साथ आए तीमारदार ब्लॉक-बी के दूसरे तल पर पहुंचे।
यहां पर महिला ने स्वयं को शौचालय में बंद कर लिया। करीब 15 मिनट तक वह शौचालय में रही। अनहोनी की आशंका पर उसके साथ आई महिलाओं ने शौचालय का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने नहीं खोला। इसके बाद साथ आई महिलाओं ने अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने दरवाजा खुलवाया तो महिला डरी सहमी बाहर आई। सुरक्षाकर्मियों ने उससे कारण पूछा तो वह बहाने बनाने लगी। फिर प्रसूता और उसके साथ आए तीमारदार चुपके से निकल गए। तभी शौचालय से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इससे पहले की लोग समझ पाते और प्रसूता को रोकते, वे फरार हो गई। उसके साथ आई महिलाएं व पुरुष भी निकल गए। जानकारी मिलने पर सिविल सर्जन ने डॉक्टरों को नवजात का ख्याल रखने के निर्देश दिए हैं। दो डॉक्टर व चार स्टाफ नर्स बच्चे की देखभाल कर रही हैं। वहीं पुलिस सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर महिला और उसके तीमारदारों के पहचान में जुटी है।
सीडब्ल्यूसी के सदस्य भी पहुंचे अस्पताल
घटना के बाद सीडब्ल्यूसी के सदस्य डॉ. मुकेश आर्य और थाना शहर प्रभारी जाकिर हुसैन सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली। नवजात 2.6 किलोग्राम वजन है और फिलहाल स्वस्थ्य बताया जा रहा है।
सिविल अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। अस्पताल के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। नवजात फिलहाल स्वस्थ है। आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।
- जाकिर हुसैन, प्रभारी सिटी थाना पुलिस
महिला प्रसूति वार्ड तक आई ही नहीं : डॉ. श्यामलाल
महिला प्रसूति वार्ड तक नहीं आई, इसलिए उसका नाम और पता रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो सका है। उसने प्रथम तल पर शौचालय में ही बच्चे को जन्म दिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-डॉ. श्यामलाल, एसएमओ, सिविल अस्पताल पानीपत।
6.20 मिनट पर महिला शौचालय में बच्चे को छोड़कर हुई फरार
सुबह 6.03 मिनट पर एक लाल रंग की ई- रिक्शा में दो महिलाएं व एक पुरुष आता है। गर्भवती महिला ने लाल रंग की टी शर्ट पहनी थी। साथ आई महिला गर्भवती महिला को पकड़कर अस्पताल में ला रही थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में गर्भवती महिला दर्द से कराहती नजर आ रही है। पहले इन्होंने भूतल पर शौचालय ढूंढा लेकिन नहीं मिला। फिर ये लिफ्ट में प्रथम तल पर गई। यहां शौचालय में गर्भवती महिला गई। एक पुरुष व एक महिला शौचालय के बाहर खड़ी रही। 6.20 मिनट पर महिला शौचालय से बाहर निकली और यहां बच्चे को छोड़कर फरार हो गई। दो महिला व पुरुष पैदल सिविल अस्पताल से बाहर निकले हैं। दोनों महिलाएं तेज कदमों से अस्पताल से फरार हुई हैं।