बदमाशों ने आठ मरला और मॉडल टाउन दो चौकियों के बीच से उद्यमी के साथ मारपीट कर हजारों की नकदी और मोबाइल लूट ले गए।
उद्यमी स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से जा रहा था। दो चौकियों के बीच लूटपाट की वारदात के बाद पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को लेकर नाकाबंदी की, लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुट गई है। हुडा के सेक्टर 25 की झाड़ियों व जाटल रोड पर छापामारी की। पुलिस ने वारदात का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।
शास्त्री कॉलोनी निवासी राजन का जाटल रोड शनि मंदिर के पास वेस्ट का गोदाम है। रविवार देर सायं गोदाम से स्कूटी से घर की तरफ आ रहा था। उद्यमी जैसे ही आठ मरला चौक के नजदीक पहुंचा तो वहां पहले से खड़े पांच बदमाशों ने घेर लिया और मारपीट कर साढ़े आठ हजार रुपये की नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। उद्यमी ने बहादुरी का परिचय देते हुए बदमाशों को कुछ दूरी तक पीछा किया, लेकिन उद्यमी उनको पकड़ने में असफल रहा। उद्यमी ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। आठ मरला चौकी ने मौके पर पहुुंचकर कार्रवाई करते हुए उद्यमी के बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही साइबर सेल की टीम ने उद्यमी के मोबाइल की ट्रेसिंग के आधार पर हुडा के सेक्टर-25 व जाटल रोड पर छानबीन भी की, लेकिन साइबर सैल को इसमें किसी तरह की सफलता नहीं मिली।
पुलिस को आठ मरला के पास एक व्यक्ति के साथ नकदी व मोबाइल लूट की सूचना मिली है। पुलिस ने सूचना के आधार मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को काबू कर लेगी।
राममेहर सिंह, प्रभारी, आठ मरला चौकी, पानीपत।