देश में बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ अभियान शुरुआत पीएम ने पानीपत से ही की थी। इसी धरती पर एक बाप ने तीसरी बेटी होने पर खुद को आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक प्रतापगढ़ यूपी का रहने वाला है और लंबे समय से पानीपत में ही रह रहा है। उसे जीआरपी ने इसको अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया है, जबकि थाना शहर ने इस तरह की कोई जानकारी न होने की बात कही है। युवक को गंभीरावस्था में शहर एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है।
यूपी के प्रतापगढ़ निवासी राजू लंबे समय से पानीपत में ही रहता है। उसका भाई अजय यादव रेलवे में नौकरी करता है, जबकि राजू ऑटो चलाकर अपना गुजरा करता है। राजू शनिवार दोपहर बाद अपने भाई के रेलवे कॉलोनी स्थित क्वार्टर पर पहुंचा और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। उसके भाई ने आग को बुझाया और राजू को सिविल अस्पताल में ले गया। वहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भी हालात सामान्य न होने पर राजू को पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसको मॉडल टाउन स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया।
बताया जा रहा है कि राजू के पास दो लड़के और दो लड़की हैं। उसकी पत्नी ने तीन दिन पहले ही एक अन्य लड़की को जन्म दिया है। बताया जा रहा है कि तीसरी लड़की पैदा होने के बाद परिवार और समाज के लोग उसको ताने देने लगे। वह इससे परेशान हो गया। बताया जा रहा है कि राजू ने शनिवार को पहले रेलवे स्टेशन के नजदीक पार्किंग के पास अपने ऑटो पर एक बोतल तेल की छिड़कर आग लगाने का प्रयास किया, लोगों ने उसको रोका तो वह पानी की टंकी के नजदीक पहुंच गया। लोगों ने यहां पर भी उसको रोक दिया। वह एक अन्य बोतल लेकर अपने भाई के पास पहुंच गया और उसके सामने ही खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली।
जीआरपी व थाना शहर एरिया को लेकर आमने-सामने
रेलवे कॉलोनी में एक युवक द्वारा पेट्रोल छिड़क कर खुदकुशी करने के प्रयास की जानकारी लगी है। यह एरिया थाना शहर पुलिस के अंतर्गत आता है। ऐसे में उनकी कार्रवाई नहीं बनती।
बृजपाल, प्रभारी, जीआरपी, पानीपत।
पुलिस के पास रेलवे कॉलोनी में किसी व्यक्ति द्वारा पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की जानकारी नहीं है। रेलवे कॉलोनी के मामले को जीआरपी को देखना चाहिए। उनका एरिया है। शिकायत मिलने पर ही पुलिस मामले में कार्रवाई करेगी।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर पानीपत।