भंडारी गांव में शराब ठेके के कैश कलेक्शन इंचार्ज ने अवैध शराब बेचने से रोका तो उसे गाड़ी से कुचल कर मार डाला गया। मामले को हादसे का रूप देने के लिए गाड़ी को खेतों में उतारकर बोलेरो को आग लगाने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हत्या के बाद से तीनों आरोपी गायब हैं। पुलिस पहले पूरे मामले को हादसा मानकर चल रही थी।
मतलौडा के वैसर में रहने वाला सतबीर सिंह (38) शराब के ठेकेदारों के पास नौकरी करता था। वह आसपास के शराब के ठेके से कैश कलेक्ट करता था। वह शनिवार की शाम करीब सात बजे भंडारी गांव से शराब के ठेके से पैसे का हिसाब कर बाइक से मतलौडा आ रहा था। आरोप है कि कदम निवासी भंडारी सतबीर को मारने की फिराक में था। सतबीर सिंह को मतलौडा आते देख भंडारी निवासी कदम सिंह ने बोलेरो से उसे टक्कर मार दी। आरोप है कि कदम इतने पर ही नहीं रुका और बोलेरो को पीछे कर दूसरी टक्कर मारने के साथ ही सतबीर को कुचल दिया। इसके बाद गाड़ी को गेहूं के खेतों में घुसाकर सबूत मिटाने के लिए गाड़ी को आग लगा दी। यह घटना भंडारी गांव के पास अंजाम दी गई। पुलिस ने मृतक के भाई महाबीर के बयान पर भंडारी निवासी कदम सिंह, उसके दो सहयोगी काला और बिजेंद्र सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपी भंडारी के बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
मरने से पहले भाई को बताया आरोपियों के बारे में
हादसे की सूचना पर सतबीर सिंह का भाई महाबीर मौके पर पहुंचा। उस समय सतबीर सिंह तड़प रहा था। सतबीर ने अपने भाई महाबीर को बताया कि भंडारी निवासी कदम सिंह ने बोलेरो से उसे कुचला है। उसके साथ गांव के दो अन्य लोग भी थे। उन्होंने घायल सतबीर सिंह को पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर रविवार को परिजनों को सौंप दिया।
यह था मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार भंडारी निवासी आरोपी कदम सिंह गांव में ही अवैध रूप से शराब बेचता है। ठेकों के इंचार्ज सतबीर सिंह ने अवैध शराब बेचने से उसको कई बार रोका था। पहले भी कई बार उनके बीच कहासुनी हो चुकी थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी कदम सिंह ने घटना को अंजाम दिया। वर्ष 2012 में आरोपी कदम सिंह हत्या की कोशिश के एक अन्य मामले में पहले भी गिरफ्तार हुआ था। इस मामले में राजीनामा हो जाने के बाद वह बरी हो चुका है।
जांच अधिकारी एएसआई सतपाल सिंह ने कहा कि बोलेरो से टक्कर मार कर हत्या करने के मामले में कदम समेत तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों से सबूत मिटाने के लिए बोलेरो को आग लगा दी है। मामला अवैध शराब बेचने से रोकने का है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में है।