हरियाणा के पानीपत के सेक्टर-25 स्थित हनुमान चौक पर शनिवार देर रात एक्टिवा सवार केमिकल कारोबारी की इनोवा कार की टक्कर से मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कारोबारी की गर्दन धड़ से अलग हो गई और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। परिजनों ने उसकी रंजिशन हत्या की आशंका जताई है। आरोप है कि सेक्टर-25 में एक कोठी को लेकर आरोपी के साथ विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते गाड़ी की टक्कर मारकर हत्या की है।
कुछ लोगों ने हादसे के बाद आरोपी की एक की वीडियो भी बनाई है। स्थानीय लोगों ने आरोपी कार चालक को मौके पर पकड़ लिया था। थाना चांदनी बाग पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है।
हादसा शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे का है। मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-25 निवासी सतीश जिंदल (55) का डाहर गांव में केमिकल का कारोबार था। वह इसके साथ पिछले 30 साल से प्रॉपर्टी सेल-प्रचेज का काम भी करता था। परिजनों के अनुसार सतीश जिंदल ने सेक्टर 25 में एक कोठी बनाकर उदित को दी थी और उनसे रुपये लेने थे। जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
वह शनिवार रात करीब आठ बजे अपने घर से उसी कोठी की चाबी लेकर निकले थे। वह सेक्टर 25 में हनुमान चौक के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार एक इनोवा कार चालक उनको टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी स्कूटी दूर तक घसीटते गई और उसके परखच्चे उड़ गए। सतीश जिंदल की गर्दन भी धड़ से अलग हो गई।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी कार चालक को पकड़ लिया। इसकी सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन व पास पड़ोस के लोग पता चलते मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि गाड़ी चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था।
परिजनों का आरोप है उदित ने उसकी स्कूटी को टक्कर मारी है। परिजनों ने उससे टक्कर मारने का कारण पूछा तो उसने कहा कि मर गया तो क्या हो गया? परिजनों ने उस पर रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है।
दो बच्चों का पिता था सतीश जिंदल
परिजनों ने बताया कि सतीश जिंदल दो बच्चों का पिता था। उनके बेटे कर्ण और प्रिंस बिल्डर हैं। वह अपने बेटों की शादी के लिए लड़की ढूंढ रहा था। । परिजनों ने बताया कि वह अपने चार भाइयों के साथ कैमिकल का काम संभाल रहे थे। उनके सारे काम को सतीश जिंदल संभाल रहा था। उनकी पत्नी उषा जिंदल का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुबह भी हुआ था झगड़ा
परिजनों आरोप है कि उदित की टेक्सटाइल की फर्म है। दोनों के बीच कोठी को लेकर विवाद पिछले कई दिनों से चल रहा था। शनिवार को सुबह भी उनका आपस में झगड़ा हुआ था। जिसके बाद सतीश जिंदल अपने घर आ गए थे।
पुलिस को हनुमान चौक के पास गाड़ी की टक्कर लगने से एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों ने उदित नाम के व्यक्ति पर रंजिशन टक्कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।
-सुनील कुमार, प्रभारी, थाना चांदनी बाग।