जीटी रोड पर सड़क हादसे में रेलवे के एक सुपरवाइजर समेत दो लोगों की मौत हो गई। रेलवे सुपरवाइजर की मोटरसाइकिल रात को डयूटी से घर आते समय जीटी रोड पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। वहीं एक फैक्ट्री के सुपरवाइजर को पसीना मोड़ के पाए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों के शवों के पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दीपक (26) निवासी किशनपुरा बाबरपुर रेलवे स्टेशन पर सुपरवाइजर है। वह शनिवार शाम को अपनी डयूटी खत्म कर मोटरसाइकिल पर अपने घर आ रहा था। जीटी रोड स्थित पीवीआर के नजदीक उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात कारणों के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राहगीरों ने उसको सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। थाना शहर पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया। परिवार में सूचना मिलते ही मातम छा गया। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा।
वहीं थाना सदर के अंतर्गत जीटी रोड पसीना मोड़ पर एक फैक्ट्री के सुपरवाइजर की एक गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुशेश्वर सिवाह स्थित गोशाला के पास किराए के मकान में रहता था और पसीना रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। वह शनिवार देर शाम को डयूटी से अपने घर पैदल ही जा रहा था। पसीना मोड़ पर एक कार ने उसको टक्कर मार दी। जिसमें कुशेश्वर की मौत हो गई। थाना सदर पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।